Uttar Pradesh : हापुड़ में ब्रजघाट गंगा में नहाते समय युवक बहा, तलाश जारी

Hapur News : हापुड़ के ब्रजघाट गंगा घाट पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां गंगा स्नान करने आया मेरठ का 21 वर्षीय युवक तेज जलधारा में बह गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। देर शाम तक पुलिस और गोताखोरों की टीम को युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

मिली जानकारी के अनुसार मेरठ के जागृति विहार निवासी अयांश कुमार अपनी मौसी शिवानी के साथ गंगा स्नान के लिए ब्रजघाट आया था। सुबह स्नान के दौरान वह अचानक तेज बहाव और भंवर की चपेट में आ गया। देखते ही देखते वह गहरे पानी में समाने लगा।

डूबते समय युवक ने मदद के लिए शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास मौजूद श्रद्धालु और स्थानीय लोग तुरंत उसे बचाने के प्रयास में जुट गए। कुछ लोग पानी में भी उतरे, लेकिन तेज बहाव और गहराई के चलते उसे बचाया नहीं जा सका और वह कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गया।

घटना के बाद घाट पर हड़कंप मच गया। युवक की मौसी शिवानी का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाकर तलाशी अभियान शुरू कराया। पुलिस के अनुसार टीम लगातार गंगा में युवक की तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक सफलता हाथ नहीं लगी है।

प्रशासन ने कहा है कि खोज अभियान जारी रहेगा और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। यह हादसा गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करता है, खासकर तेज बहाव के समय स्नान करते हुए अतिरिक्त सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img