राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में मंदिर के बाहर लगे वाटर कूलर की टोटी चोरी, CCTV वीडियो वायरल

Hapur News : भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के लिए लगाए गए पब्लिक वाटर कूलर से टोटी चोरी होने की घटना ने स्थानीय लोगों में नाराजगी पैदा कर दी है। मामला जनपद हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित दिल्ली रोड के प्रसिद्ध बालाजी मंदिर के बाहर का है, जहां आम जनता की सुविधा के लिए लगाए गए वाटर कूलर को एक डिलीवरी बॉय ने निशाना बना लिया। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, मंदिर के बाहर लगे वाटर कूलर से राहगीर और श्रद्धालु गर्मी में शीतल जल पीकर राहत महसूस करते हैं। इसी दौरान एक डिलीवरी कंपनी का बाइक सवार युवक वहां पहुंचा और इधर-उधर नजर रखने के बाद वाटर कूलर की एक टोटी निकालकर अपने साथ ले गया। चोरी करने के बाद वह वहां से चला गया, लेकिन कुछ समय बाद दोबारा मौके पर लौट आया। इस बार उसने बाकी बची दो टोटियों को भी निकालने की कोशिश की, हालांकि वह अपने मंसूबे में सफल नहीं हो पाया।
सीसीटीवी फुटेज में युवक की पूरी गतिविधि साफ दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा है और सोशल मीडिया पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है। लोगों का कहना है कि जनसुविधाओं को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

मामले का संज्ञान लेते हुए हापुड़ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी युवक की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस युवक की डिलीवरी कंपनी और बाइक नंबर के जरिए भी उसकी पहचान करने में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button