राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में पुरानी रंजिश में दो गुटों की मारपीट, 15 मिनट तक चला बवाल, VIDEO VIRAL

Hapur : हापुड़ के थाना सिंभावली इलाके में कस्बा चौकी के पास हरोड़ा मोड़ पर पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। यह घटना करीब 15 मिनट तक चली, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, हरोड़ा मोड़ पर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई। वायरल वीडियो में 10 से 15 युवक एक-दूसरे पर बेल्ट, लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला करते दिख रहे हैं। इस दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

बताया जा रहा है कि मारपीट में शामिल युवक थाना क्षेत्र के वैठ और सैना गांव के निवासी हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश है। कुछ दिन पहले नोएडा में सैना गांव के एक युवक के रिश्तेदार के साथ मारपीट हुई थी। इसी विवाद के चलते ईद पर गांव आए युवकों को सैना गांव के लोगों ने हरोड़ा मोड़ के पास घेर लिया, जिसके बाद यह संघर्ष हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना स्थल कस्बा चौकी से बेहद नजदीक है, फिर भी काफी देर तक मारपीट जारी रही।

थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने जानकारी दी कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button