उत्तर प्रदेश : हापुड़ में ब्रजघाट से दो मासूम लापता, सीसीटीवी में दिखा संदिग्ध

Hapur News : हापुड़ के गंगानगरी ब्रजघाट से दो मासूम बच्चों के अचानक गायब होने से सनसनी फैल गई है। मामला मंगलवार 6 नवंबर का है, जब गढ़ नगर के मोहल्ला जमींदारन निवासी महिला अनीता का बेटा कार्तिक (8 वर्ष) और धेवता चिराग (7 वर्ष) ब्रजघाट क्षेत्र में मांगने खाने के लिए गए थे। इसके बाद दोनों बच्चे रहस्यमय ढंग से लापता हो गए। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन दोनों का कहीं सुराग नहीं मिला। पीड़िता अनीता ने कोतवाली गढ़मुक्तेश्वर में तहरीर देकर बच्चों की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है और जांच तेज कर दी है।

शुरुआती जांच में सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दोनों बच्चों को साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया है। फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि वह व्यक्ति पहले दोनों मासूमों को घाट किनारे चाट खिलाता है और कुछ देर बाद उन्हें अपने साथ फुसलाकर ले जाता है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने संदिग्ध की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से व्यक्ति की पहचान की जा रही है। ब्रजघाट और आसपास के इलाकों में संदिग्ध की तलाश में कई टीमें लगा दी गई हैं। रेलवे स्टेशन, बस अड्डा और गंगा घाटों पर भी पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है।

वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि बच्चों को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जाए। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर रोष है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त व्यवस्था नहीं होती, जिससे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति की आशंका बनी रहती है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img