राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में चिता से शव के अवशेष हुए गायब, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए मोपेड पर तीन युवक फरार

Hapur News : जनपद हापुड़ में थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला सोनपुर सोटावाली में एक किशोर की मौत के बाद शमशान घाट पर चौंकाने वाली घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। परिजनों का आरोप है कि अंतिम संस्कार के दौरान चिता से किशोर के शव से सिर के कुछ अवशेष लेकर तीन अज्ञात युवक मोपेड पर सवार होकर फरार हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, मोहल्ला सोनपुर सोटावाली निवासी शुभांशु (किशोर) कई दिनों से पेट की गंभीर बीमारी से पीड़ित था। शनिवार को इलाज के दौरान मेरठ के एक निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। देर शाम नम आंखों के साथ ग्रामीणों ने शमशान घाट पहुंचकर शुभांशु का अंतिम संस्कार किया।

लोगों के अनुसार, अंतिम संस्कार पूरा होने के बाद जब ग्रामीण घर लौट आए, तो कुछ देर बाद दोबारा शमशान घाट जाकर देखा तो चिता से किशोर के सिर के कुछ अवशेष गायब थे। इस घटना से परिजन और स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए। अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

परिजनों ने तुरंत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो एक मोपेड पर सवार तीन संदिग्ध युवक शमशान घाट की ओर जाते दिखाई दिए। इसके बाद वे तेजी से फरार हो गए। परिजन और ग्रामीण तुरंत थाना देहात पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की सूचना दी। पुलिस ने तुरंत मामले को गंभीरता से लिया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया। फुटेज में तीन युवकों की पहचान की जा रही है।

थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शव पूरी तरह से जल चुका था। आरोपी चिता से कुछ हड्डियां उठाकर ले गए हैं। पुलिस को आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल गई है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button