उत्तर प्रदेश, नोएडा: एनसीआर से वाहन चुराकर पूर्वी यूपी में बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश

अमर सैनी
उत्तर प्रदेश, नोएडा। दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का गुरुवार को पर्दाफाश कर पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया। आरोपी एनसीआर से वाहन चोरी कर उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों में सस्ते दामों पर बेचते थे। इनके पास से चोरी की 19 बाइक और दो स्कूटी बरामद हुई है। डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि गुरुवार सुबह पुलिस टीम को जांच के दौरान पर्थला डूब क्षेत्र में दो बाइक पर पांच संदिग्ध घूमते दिखाई दिए। उन्हें रुकने का इशारा करने पर वह भागने लगे। टीम ने घेरकर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ करने पर वह दोनों बाइक के दस्तावेज नहीं दिखा पाए।

जांच करने पर पता चला कि दोनों बाइक चोरी की हैं। सख्ती से पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वह दोपहिया वाहन चोर हैं। एनसीआर में दोपहिया वाहन चोरी करते हैं। इनकी निशानदेही पर 17 बाइक और दो स्कूटी विभिन्न स्थान से बरामद की गई। आरोपियों की पहचान जिला महोबा के गांव बजरिया निवासी मोहित सिंह, जिला महोबा के गांव लिधौरा निवासी ओमवीर कुमार, जिला हमीरपुर के गांव कैथा निवासी आकाश सिंह, जिला मुजफ्फरनगर के गांव भलवा निवासी रोहित कुमार और जिला महोबा के गांव अटकुंआ निवासी आनंद कुमार के रूप में हुई। सभी आरोपी वर्तमान में सेक्टर-49 क्षेत्र के गांव बरौला में किराए के घर में रहते हैं। ———– पुराने वाहनों को बनाते थे निशाना पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह कभी भी नए वाहनों को चोरी करने में रुचि नहीं लेते थे। वह हमेशा दो से तीन वर्ष पुराने वाहनों को चोरी करते थे। इसकी मुख्य वजह यह थी कि उनका लॉक आसानी से मास्टर चाबी के जरिये खुल जाता है। अगर नहीं खुलता है तो लॉक को तोड़ने में ज्यादा परेशानी नहीं होती। ———– बस में लदवाकर पूर्वी जिलों में भेजते थे वाहन पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह पिछले दो वर्ष से एनसीआर में दोपहिया वाहन चोरी कर रहे हैं। वह चोरी करने के बाद वाहनों को अलग-अलग गुप्त स्थान पर खड़ा कर देते हैं। कुछ समय बीत जाने के बाद वह उन्हें चलाकर या बसों में लदवाकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के हमीरपुर, महोबा आदि जिले में पांच से दस हजार रुपये में बेच देते हैं। वह वाहनों की नंबर प्लेट भी बदल देते हैं। ———– कम पढ़े लिखे युवकों ने बनाया गिरोह पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए पांचों आरोपी कम पढ़े-लिखे हैं और बेहद कम उम्र के हैं। गिरोह का सरगना आकाश सिंह है। उसकी उम्र 21 वर्ष है और नौवीं पास है। 19 वर्षीय मोहित सिंह नौवीं, 19 वर्षीय ओमवीर कुमार आठवीं, 28 वर्षीय रोहित कुमार छठी और 23 वर्षीय आनंद कुमार आठवीं पास है।

ममूटी ने कहा कि उन्हें ‘मेगास्टार’ की उपाधि पसंद नहीं है, उन्हें लगता है कि उनके जाने के बाद लोग उन्हें याद नहीं रखेंगे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img