अमर सैनी
उत्तर प्रदेश, नोएडा। ग्रेटर नोएडा में बिजली कर्मचारियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। दनकौर कोतवाली क्षेत्र में नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (NPCL) की टीम समसपुर गांव में बिजली की लाइन ठीक करने पहुंची थी।
सुपरवाइजर सुमित शर्मा के नेतृत्व में टीम बुधवार दोपहर को काम कर रही थी। इसी दौरान ननुआ का राजपुर गांव के ओमकार, अमित, अंकित समेत 4 लोग वहां पहुंचे। उन्होंने अपने गांव की बिजली लाइन पहले ठीक करने की मांग की।
सुपरवाइजर ने बताया कि पहले समसपुर गांव की लाइन ठीक होगी, फिर उनके गांव की बारी आएगी। इस बात पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपियों ने सुपरवाइजर सुमित शर्मा, लाइनमैन राशिद और हेल्पर विशाल के साथ मारपीट की। उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।


