उत्तर प्रदेश : मथुरा के गांवों में ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र को भावभीनी श्रद्धांजलि, 10,000 लोगों के लिए विशाल विशेष भोज

Mathura News : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन के बाद, उनकी स्मृति में मथुरा के बलदेव क्षेत्र के ग्रामीण एक अभूतपूर्व श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया। मुंबई में 24 नवंबर को अभिनेता के निधन के बावजूद, उनके प्रति अगाध प्रेम दर्शाते हुए बलदेव क्षेत्र के गांव सेलखेड़ा में आज एक विशाल हवन-यज्ञ, शांति पाठ और विशेष भोज का आयोजन किया गया, जिसमें 8 से 10 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद जताई गई है।

आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम धर्मेंद्र के निधन पर शोक व्यक्त करने और उनकी आत्मा की शांति के लिए रखा गया है। कार्यक्रम के लिए सेलखेड़ा समेत आसपास के गांवों में विधिवत निमंत्रण पत्र भेजे गए थे।

10,000 लोगों के लिए तैयारी: 40 हलवाई जुटे

सुबह 8 बजे विधि-विधान के साथ शांति पाठ और हवन-यज्ञ की शुरुआत हुई। आयोजन समिति के सदस्य गोपाल सिंह पहलवान और लाखन सिंह ने बताया कि ग्रामीण धर्मेंद्र को अपना मानते थे, और उनकी याद में यह विशाल पंगत आयोजित की जा रही है।

इस विशेष भोज की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भोजन तैयार करने के लिए 6 विशाल भट्ठियां लगाई गईं, जिन पर 40 अनुभवी हलवाई दिन भर खाना बनाने में जुटे रहे। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के लिए भोजन तैयार करने का यह इंतजाम ग्रामीणों के गहरे लगाव को दर्शाता है।

कई गांवों के ग्रामीण हुए शामिल

इस श्रद्धांजलि सभा और भोज में सेलखेड़ा गांव के अलावा, करनऊ, फतेहपुरा, कचनाऊ, बरौली, घड़ी मंगली, पटलोनी, जादोपुर, गड़सोली और घड़ी नन्नू समेत कई अन्य गांवों के हजारों ग्रामीण और समाजसेवी उपस्थित रहे।

ग्रामीण अंचल में किसी फिल्मी हस्ती के निधन पर इस तरह का सामूहिक और भव्य आयोजन यह दर्शाता है कि धर्मेंद्र को न केवल उनके अभिनय के लिए, बल्कि उनके सहज, सरल और ‘मिट्टी से जुड़े’ व्यक्तित्व के कारण भी कितना स्नेह और सम्मान प्राप्त था। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से हवन और शांति पाठ में भाग लेकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

बड़ी स्क्रिन लगाकर चलाई गई शोले मूवी

जहां एक ओर श्रद्धांजलि के साथ गांव के लोगो के लिए भोज चल रहा था वहीं एक बड़ी स्क्रीन भी लगाई गई ,इस बड़ी स्क्रीन पर धर्मेंद्र की शोले फ़िल्म चलाई गई।सभी लोग इस मूवी को देखकर धर्मेंद्र को याद कर भावुक दिखे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img