उत्तर प्रदेश : मथुरा साइबर क्राइम पुलिस ने दबोचा करोड़ों की ठगी का मास्टरमाइंड का साथी, 50 लाख की लग्जरी कारें बरामद

Mathura News : (सौरभ) साइबर क्राइम पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के ज़रिए टैक्सी लगाने के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में वांछित एक अहम अभियुक्त विकास को गिरफ्तार कर लिया है. उसके कब्जे से करीब 50 लाख रुपये मूल्य की चार लग्जरी गाड़ियां और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

क्या है पूरा मामला

इस ठगी के मामले का खुलासा तब हुआ जब 23 मार्च 2025 को एक पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना मथुरा में शिकायत दर्ज कराई. पीड़ित ने पुलिस को बताया कि ‘ORRY CARS’ नाम के एक इंस्टाग्राम पेज ने उनकी टोयोटा इनोवा क्रिस्टा कार को किराए पर लगाने का झांसा दिया था. उन्हें हर महीने 40 हज़ार रुपये देने का लालच दिया गया, जिसके बाद पीड़ित ने अपनी कार आरोपियों को सौंप दी. मगर, कार मिलते ही आरोपी फरार हो गए.
इस शिकायत के तुरंत बाद, थाना साइबर क्राइम मथुरा में मुकदमा संख्या 04/2025 के तहत धारा 318(4), 316(2), 317(2), 317(5) बीएनएस और 66D आईटी एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मास्टरमाइंड पहले ही गिरफ्त में

पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए एक विशेष टीम का गठन किया. जांच में सामने आया कि इस बड़े पैमाने की ठगी का मास्टरमाइंड वरुण पुत्र योगेश था, जो कृष्णा नगर, गोकुल धाम, थाना कोतवाली, मथुरा का निवासी है. पुलिस ने वरुण को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

वरुण का करीबी साथी विकास गिरफ्तार

गुरुवार, 23 जुलाई 2025 को शाम करीब 6:10 बजे, पुलिस को मिली सटीक सूचना के आधार पर, मास्टरमाइंड वरुण के करीबी सहयोगी विकास पुत्र हरपाल सिंह को आगरा के पिवोटल मैनेजमेंट कंपनी के ऑफिस के प्रथम तल से गिरफ्तार कर लिया गया।

विकास, एत्मादपुर, आगरा के गरही पिर्थी का रहने वाला है

पुलिस के अनुसार, विकास ठग गिरोह की कंपनियों ‘ORRY CARS’ और ‘ROOTS CAR RENTAL’ के लिए काम करता था. उसका मुख्य काम ठगी गई गाड़ियों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाना, कंपनी का प्रचार करना और भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाना था. पुलिस का दावा है कि विकास ने वरुण के साथ मिलकर सैकड़ों लोगों के साथ ऐसी ही धोखाधड़ी की है।

बरामदगी का विवरण

विकास की गिरफ्तारी के बाद उसके कब्जे से कुल चार लग्जरी गाड़ियां बरामद की गईं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये है. इनमें शामिल हैं:

महिंद्रा बोलेरो (UP 84 AF 4164)
हुंडई आई20 (MP 04 CX 1077)

मारुति स्विफ्ट डिजायर (UP 75 BT 6424)

मारुति स्विफ्ट (MP 04 ZG 9294)

दो मोबाइल फोन भी बरामद

फरार आरोपियों की तलाश जारी

साइबर क्राइम पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त विकास के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में विकास के दो अन्य साथी, शुदम और रवि, अभी भी फरार हैं। पुलिस टीमें लगातार उनकी तलाश में दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने का दावा कर रही हैं। यह कार्रवाई मथुरा साइबर क्राइम पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिसने सोशल मीडिया के ज़रिए की जा रही करोड़ों की ठगी पर नकेल कसी है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img