उत्तर प्रदेश : नमकीन फैक्ट्री में भीषण आग से मचा हड़कंप, छत गिरने से टला बड़ा हादसा

Hapur News : नगर कोतवाली क्षेत्र के स्वर्ग आश्रम रोड स्थित मोहल्ला केशव नगर में एक नमकीन बनाने की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग इतनी भयावह थी कि उसका धुआं दूर-दूर तक फैल गया, जिससे आसपास के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दमकल कर्मियों ने पंपिंग के जरिए आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश की और फैक्ट्री के अंदर बने जीने से ऊपर चढ़कर लपटों को बुझाने का प्रयास किया।

इसी दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आग बुझाने के दौरान फैक्ट्री की छत अचानक भरभराकर गिर गई, लेकिन वहां मौजूद दमकल कर्मी बाल-बाल बच गए। यदि वे मलबे की चपेट में आ जाते तो गंभीर जनहानि हो सकती थी।

काफी प्रयासों के बाद दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, लेकिन तब तक फैक्ट्री में रखा सामान जलकर राख हो चुका था और लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग बुझने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जो सबसे बड़ी राहत की बात है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में नमकीन बनाने के दौरान काले तेल और डीजल की भट्टी का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग के वास्तविक कारणों की जांच अभी जारी है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img