Uttar Pradesh : हापुड़ में किसान के घर लाखों की चोरी, 12 तोले जेवर और ढाई लाख नकद ले गए चोर

Hapur : हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के खड़खड़ी गांव में गुरुवार रात एक किसान के घर लाखों की चोरी हो गई। चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब 12 तोले सोने चांदी के जेवर, ढाई लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चुरा लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
गांव खड़खड़ी निवासी किसान हरिओम त्यागी अपनी मां सलंत्री त्यागी के साथ रहते हैं। हरिओम दिल्ली में नौकरी करते हैं। गुरुवार को वह ड्यूटी पर दिल्ली गए थे, जबकि उनकी मां सलंत्री त्यागी घर पर ताला लगाकर गांव में ही अपने छोटे बेटे सोनू के घर चली गई थीं।
शुक्रवार सुबह जब सलंत्री त्यागी वापस घर पहुंचीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर कमरों और सेफ के ताले भी टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित परिवार के अनुसार चोर घर से लगभग 12 तोले सोने और चांदी के जेवरात, ढाई लाख रुपये की नकदी और अन्य घरेलू सामान ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर थाना हापुड़ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस चोरी की वारदात के खुलासे के लिए जांच पड़ताल कर रही है।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी का माहौल है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।