Uttar Pradesh : बुलंदशहर में सीएम योगी ने कहा- 2017 से पहले भय और दंगों का माहौल, अब विकास और सुरक्षा है यूपी की पहचान

Bulandshahar News (अवनीश त्यागी) : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बुलंदशहर में 574 करोड़ रुपये से अधिक की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में भय, दहशत और असुरक्षा का माहौल था। उस समय बुलंदशहर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दंगे होते थे और कर्फ्यू लगता था। बेटियां और व्यापारी स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं करते थे। कई परिवारों ने बेटियों की पढ़ाई तक बंद करा दी थी। हर जिले में माफिया और हर थाने में वसूली का सिंडिकेट सक्रिय था। गरीबों को न्याय नहीं मिलता था और महिलाओं की सुरक्षा नहीं थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। सरकार ने माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। बेटी और व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए अब केवल दो जगह हैं – जेल या जहन्नुम।
उन्होंने बुलंदशहर और सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, चेक, चाबी, थर्मल प्रिंटर, आयुष्मान कार्ड, छात्रवृत्ति, सब्सिडी, टूलकिट और प्रमाण पत्र वितरित किए। कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण से हुई। इसके बाद विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर पूरी तरह बदल चुका है। देश का सबसे बड़ा गंगा एक्सप्रेसवे बुलंदशहर से होकर गुजर रहा है। इससे प्रयागराज तक की यात्रा करीब पांच घंटे में पूरी होगी। जनप्रतिनिधियों की मांग पर गंगा एक्सप्रेसवे को जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे को भी स्वीकृति दे दी गई है। किसानों के मुआवजे में बढ़ोतरी की मांग भी स्वीकार की गई है। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी के साथ बुलंदशहर औद्योगीकरण के नए युग में प्रवेश करेगा। इससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। जेवर एयरपोर्ट का संचालन शुरू हो चुका है। 14 हजार एकड़ में विकसित हो रहा यह एयरपोर्ट एयरक्राफ्ट रिपेयर एंड मेंटिनेंस का बड़ा केंद्र बनेगा। लिंक एक्सप्रेसवे बनने के बाद बुलंदशहर और जेवर एयरपोर्ट के बीच की दूरी वॉकिंग डिस्टेंस जैसी महसूस होगी। बुलंदशहर के लिए रिंग रोड का प्रस्ताव भी स्वीकृत हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बुलंदशहर में विकास, सुरक्षा और समृद्धि एक साथ दिखाई देती है। खुर्जा की क्रॉकरी को वैश्विक पहचान मिली है। बुलंदशहर देश को सबसे अधिक सैनिक देने वाले जिलों में शामिल है। यहां लगभग हर गांव में पूर्व सैनिक या सैन्य अधिकारी मिल जाएंगे। इसलिए बुलंदशहर में जय जवान, जय किसान का भाव साकार होता है। बुलंदशहर में कल्याण सिंह मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुका है। जेवर क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के साथ इंटरनेशनल फिल्म सिटी, अपैरल पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी और फिनटेक सिटी का भी विकास किया जा रहा है। इसका सबसे अधिक लाभ बुलंदशहर को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश आज मोबाइल निर्माण में देश में पहले स्थान पर है। देश में बनने वाले 55 प्रतिशत मोबाइल फोन और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट उत्तर प्रदेश में तैयार हो रहे हैं। प्रदेश चीनी मिलों के संचालन, गन्ना उत्पादन और इथेनॉल उत्पादन में भी देश में नंबर एक है। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश पिछड़े राज्यों में गिना जाता था, लेकिन आज विकास और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अग्रणी बन चुका है। सरकार ने युवाओं से वादा किया था कि नौकरियों में कोई सेंध नहीं लगेगी। आज भर्तियां पूरी पारदर्शिता से हो रही हैं। उत्तर प्रदेश देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
इस अवसर पर राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर, राज्य सभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, सांसद महेश शर्मा, सांसद डॉ. भोला सिंह, विधायक प्रदीप चौधरी, विधायक लक्ष्मी राज सिंह, विधायक देवेंद्र सिंह लोधी, विधायक मीनाक्षी सिंह, विधायक संजय शर्मा, विधायक सीपी सिंह, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद्र शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।





