उत्तर प्रदेश, गाजियाबाद: आरटीई : 25 दिन बाद भी शुरू नहीं हुए पहले चरण के दाखिले

अजीत कुमार

उत्तर प्रदेश, गाजियाबाद। जिले में आरटीई के पहले चरण का लकी ड्रॉ होने के लगभग एक महीने बाद भी दाखिले शुरू नहीं हो सके हैं। दाखिले तो दूर पहले चरण में चयनित सभी बच्चों को तय समय सीमा में ऑफर लेटर तक नहीं बंट सके हैं। वहीं जिन बच्चों को ऑफर लेटर मिल गए हैं उन्हें स्कूल अप्रैल में दाखिला देने की बात कर रहे हैं। निशुल्क शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई)के तहत 24 दिसंबर को पहला ड्रॉ कराया गया, जिसमें कुल 3035 बच्चों का चयन किया गया। शासन के मुताबिक सभी बच्चों को 27 दिसंबर तक ऑफर लेटर मिल जाने चाहिए थे, लेकिन 24 दिन बाद भी 38 फीसदी बच्चों के ऑफर लेटर नहीं बंट सके हैं। असल में तय समयसीमा के भीतर ऑफर लेटर नहीं बनने से अभिभावक लगातार चक्कर काटते रहे। इसके बाद जब ऑफर लेटर बने तो जानकारी नहीं होने से अभिभावक उन्हें लेने नहीं पहुंच रहे हैं। आरटीई प्रभारी दिनेश पाल ने बताया कि सभी बच्चों के ऑफर लेटर तैयार हो गए हैं। जो भी अभिभावक आ रहे हैं उन सभी को वितरण किया जा रहा है। अभी तक 3035 में से तकरीबन 1900 ऑफर लेटर दिए जा चुके हैं। वहीं दूसरी तरफ जिन अभिभावकों को ऑफर लेटर मिल गए हैं, उन्हें स्कूल अप्रैल में दाखिला देने की बात कह रहे हैं। आरटीई प्रभारी दिनेश पाल का कहना है कि शीतकालीन अवकाश के चलते स्कूल बंद चल रहे थे। अब स्कूल खुल गए हैं। कोई स्कूल दाखिले से इंकार करता है तो अभिभावक शिकायत करें, उनके बच्चों को दाखिला दिलाया जाएगा।

ऑफलाइन ऑफर लेटर बनाने में हुई देरी

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव ने बताया कि बीते वर्ष ऑनलाइन ही ऑफर लेटर बनाए गए है और ऑनलाइन ही वितरण किया गया। इससे ऑफर लेटर डाउनलोड करने में काफी दिक्कतें हुईं। इसी वजह से इस बार सभी ऑफर लेटर ऑफलाइन ही तैयार किए हैं। इसी की वजह से इन्हें बनाने में समय लगा। ऑफलाइन वितरण के चलते सभी अभिभावकों का डाटा और दस्तावेज का रिकॉर्ड भी हमारे पास है।

दूसरे चरण में 2840 ने किया आवेदन

एक जनवरी से 19 जनवरी तक आरटीई के दूसरे चरण में कुल 2840 अभिभावकों ने अपने बच्चों के दाखिले के लिए आवेदन किया है। अब सभी प्राप्त आवेदनों का 23 जनवरी तक सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 24 जनवरी को लकी ड्रॉ निकाला जाएगा। इसमें चयन होने के बाद सभी बच्चों को 27 जनवरी तक ऑफर लेटर दिए जाने हैं। ऑफर लेटर के आधार पर ही स्कूलों में बच्चों के दाखिले होंगे।

भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img