उत्तर प्रदेश : हापुड़ रेलवे स्टेशन का डीआरएम ने किया औचक निरीक्षण, सुंदरीकरण कार्यों की ली जानकारी

Hapur News : मुरादाबाद रेल मंडल के डीआरएम संग्रह मौर्य विशेष कोच से हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचे। हाल ही में यार्ड में इंजन का पहिया पटरी से उतरने की घटना के बाद डीआरएम ने मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण किया और रेलवे लाइन पर चल रहे मरम्मत कार्य की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

डीआरएम सबसे पहले उस स्थान पर पहुंचे जहां बीते सप्ताह स्लीपर लेकर जा रहे इंजन का पहिया पटरी से उतर गया था। उन्होंने अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली और रेलवे यार्ड में बिछाई जा रही नई लाइन का भी जायजा लिया। कार्य में तेजी लाने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान रेलवे का सामान खुले में पड़ा मिला, जिस पर डीआरएम ने नाराजगी जताई और रेलवे संपत्ति के समुचित रखरखाव के लिए सख्त निर्देश दिए।

इसके बाद डीआरएम प्लेटफार्म संख्या एक पर पहुंचे और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे सुंदरीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफार्म, पार्किंग, मुख्य द्वार, टिकट काउंटर और वीआईपी रूम सहित स्टेशन के विभिन्न हिस्सों की स्थिति का जायजा लिया और सभी खामियों को जल्द दूर कर कार्य को समय पर पूरा करने को कहा।

डीआरएम का दौरा जैसे ही समाप्त हुआ, अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। निरीक्षण के दौरान स्टेशन अधीक्षक अजय सिंह, एईएन प्रदीप शर्मा, आईओडब्लू वी. के. त्यागी, सीटीआई विनीत शर्मा, सीएमआई रोहित गुप्ता और टीआई निखिल वाजपेयी समेत कई रेल अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img