उत्तर प्रदेश : हापुड़ में गलत दिशा से आ रहे ऑटो की कार से भिड़ंत, दो युवक गंभीर घायल

Hapur News : जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के सिमरौली गांव में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा से आ रहे एक ऑटो ने हापुड़ से गढ़ की ओर जा रही ग्रैंड विटारा कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

हादसे के दौरान ऑटो चालक समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कर जाम खुलवाया और यातायात सुचारु कराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयानक था कि एक युवक ऑटो के अगले हिस्से का शीशा तोड़कर उसमें लटक गया, जबकि दूसरा युवक सड़क पर जा गिरा। लोगों का कहना है कि गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस को विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीश प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे में ऑटो चालक अविनाश और अंकित, दोनों निवासी सिमरौली, घायल हुए हैं। घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनका निजी अस्पताल में उपचार जारी है। उन्होंने बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img