Uttar Pradesh : हापुड़ में रिश्वत लेते एसीओ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने 40 हजार रुपये के साथ दबोचा

Hapur News : हापुड़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चकबंदी विभाग के सहायक चकबंदी अधिकारी (एसीओ) जयवीर सिंह को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के कुतुबपुर गांव में मंगलवार शाम को की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, कुतुबपुर गांव निवासी किसान जरनैल सिंह ने एंटी करप्शन विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि एसीओ जयवीर सिंह जमीन संबंधी काम कराने के बदले 2 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन विभाग ने मामले की प्रारंभिक जांच की और आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

योजना के तहत मंगलवार शाम किसान जरनैल सिंह 40 हजार रुपये लेकर आरोपी अधिकारी के पास पहुंचे। जैसे ही जयवीर सिंह ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। टीम ने रिश्वत में दिए गए 40 हजार रुपये भी बरामद कर लिए।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी को पूछताछ के लिए साथ ले जाया गया। पुलिस ने आरोपी जयवीर सिंह के खिलाफ गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

किसान जरनैल सिंह ने बताया कि उनका जमीन से जुड़ा चकबंदी का काम लंबे समय से लंबित था। आरोप है कि अधिकारी लगातार काम कराने के नाम पर पैसे की मांग कर रहे थे। जब उन्होंने 2 लाख रुपये देने से इनकार किया तो काम रोकने और कार्रवाई न करने की धमकी दी गई। इसके बाद उन्होंने एंटी करप्शन विभाग से शिकायत की।

एंटी करप्शन टीम के अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। रिश्वतखोर अधिकारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img