Hapur News : जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में एनएच-9 स्थित बछलौता अंडरपास के ऊपर देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गाजियाबाद से बरेली खिलौने लेकर जा रहे एक कैंटर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही वाहन धू-धू कर जलने लगा, लेकिन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली।
आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं और पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया। कैंटर में आग लगते देख राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। इसी दौरान गश्त पर निकले थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू कराया।
पुलिस टीम ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिसकर्मियों ने भी कैंटर में लदे खिलौनों को नीचे उतारने और आग बुझाने में सहयोग किया, जिससे आग को और फैलने से रोका जा सका।
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि कैंटर चालक सुमित, जिला कासगंज के थाना सौरिख क्षेत्र के अलीपुर छिरामऊ का निवासी है। वह सोमवार रात गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र से कैंटर में खिलौने, जिनमें खिलौना कार शामिल थीं, लेकर बरेली जा रहा था। जैसे ही कैंटर बछलौता अंडरपास के ऊपर पहुंचा, अज्ञात कारणों से उसमें अचानक आग भड़क उठी।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन कैंटर और उसमें लदे सामान को काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।





