UP IPS Transfer: उत्तर प्रदेश में 24 आईपीएस अफसरों का बड़ा तबादला, संभल से गौतमबुद्ध नगर तक हुए पोस्टिंग बदलाव
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार को राज्य के पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर तबादलों का ऐलान किया है। इस बार कुल 24 आईपीएस अफसरों का तबादला किया गया है, जिसमें कई महत्वपूर्ण और वरिष्ठ अफसरों के नाम शामिल हैं। इन तबादलों का उद्देश्य पुलिस प्रशासन को और प्रभावी बनाना और विभिन्न जिलों में सुधार लाना बताया जा रहा है।
इस सूची में सबसे प्रमुख नाम संभल की अपर पुलिस अधीक्षक अनुकृति शर्मा का है। अनुकृति शर्मा को अब संभल से हटाकर गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। उनके कार्यक्षेत्र में अब बड़े शहर की सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था का जिम्मा शामिल होगा।
इसके अलावा लखनऊ में पुलिस महानिदेश एवं अपर पुलिस महानिदेशक के पद पर तैनात सुजीत पांडेय को अब पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवाएं मुख्यालय लखनऊ का दायित्व सौंपा गया है। वहीं प्रवीण कुमार, जो वर्तमान में अपर महानिदेशक एवं पुलिस महानिदेशक अयोध्या परिक्षेत्र में तैनात थे, उन्हें अब अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन में स्थानांतरित किया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक ई.ओ.डब्ल्यू. यूपी केएस इमैन्युअल को अब पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस महानिदेशक केजीएसओ यूपी बनाया गया है। वहीं विनोद कुमार, जो संयुक्त पुलिस आयुक्त एवं पुलिस कमिश्नरेट कानपुर में पदस्थ थे, उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद में पुलिस महानिरीक्षक के रूप में तैनात किया गया है।
गाजियाबाद कमिश्नरेट के अपर पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी को अब वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस आयुक्त के रूप में तैनात किया गया है। इसके अलावा, राज करन नैय्यर को गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से गाजियाबाद में अपर पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।
संकल्प शर्मा, जो वर्तमान में पुलिस उपमहानिरीक्षक मिर्जापुर थे, अब कानपुर पुलिस कमिश्नरेट नगर में संयुक्त पुलिस आयुक्त के रूप में कार्य करेंगे। वहीं पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ, विपिन टाडा को भी कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में संयुक्त पुलिस आयुक्त के रूप में स्थानांतरित किया गया है।
इन बड़े स्तर के तबादलों से राज्य में पुलिस प्रशासन को नई दिशा देने और विभिन्न जिलों में कानून व्यवस्था को मजबूत करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों के स्थानांतरण से उम्मीद जताई जा रही है कि अपराध नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।


