राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Crime: सेक्टर-51 में 18 वर्षीय मेड का शव फंदे से लटका मिला, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Noida Crime: सेक्टर-51 में 18 वर्षीय मेड का शव फंदे से लटका मिला, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

नोएडा। सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के सेक्टर-51 स्थित एक मकान में काम करने वाली करीब 18 वर्षीय मेड का शव फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने हंगामा करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात सेक्टर-51 स्थित एक मकान में मेड के फंदे से लटके होने की सूचना मिली थी। मृतका मूलरूप से बिहार के कटिहार जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र के सिरकोल गांव की रहने वाली थी। वह वर्तमान में नोएडा के होशियारपुर गांव में रह रही थी और सेक्टर-51 के एक मकान में घरेलू काम करती थी।

सूचना मिलने के बाद थाना सेक्टर-49 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मृतका के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया और युवती की हत्या किए जाने का आरोप लगाया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button