Satyawati Mishra: दिवंगत सत्यवती मिश्रा को श्रद्धांजलि देने नोएडा पहुंचे नितिन नवीन और बीएल संतोष

Satyawati Mishra: दिवंगत सत्यवती मिश्रा को श्रद्धांजलि देने नोएडा पहुंचे नितिन नवीन और बीएल संतोष

नोएडा। भाजपा के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा की पत्नी सत्यवती मिश्रा के निधन के बाद सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष उनके नोएडा स्थित आवास पर पहुंचे। दोनों नेताओं ने दिवंगत सत्यवती मिश्रा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ कलराज मिश्रा और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं।

नितिन नवीन और बीएल संतोष ने सत्यवती मिश्रा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से बातचीत कर इस दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

सत्यवती मिश्रा के निधन के बाद से ही कलराज मिश्रा के नोएडा स्थित आवास पर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने भी आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग, पूर्व राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संजय जोशी, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, सांसद अतुल गर्ग, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर के प्रभारी मंत्री कुंवर ब्रजेश सिंह, एमएलसी मोहित बेनीवाल और पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी समेत कई नेताओं ने दिवंगत सत्यवती मिश्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सत्यवती मिश्रा पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं। फेफड़ों में संक्रमण के कारण उन्हें नोएडा के मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी।

निधन के बाद रविवार को नोएडा में उनका अंतिम संस्कार किया गया। परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और भाजपा के कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई दी।

सोमवार को भी कलराज मिश्रा के आवास पर पहुंचने वाले नेताओं ने परिवार के साथ दुख साझा किया और सत्यवती मिश्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img