हरियाणा में ओर भी मजबूत होगा सड़कों का तंत्र- नायब सिंह सैनी

हरियाणा में ओर भी मजबूत होगा सड़कों का तंत्र- नायब सिंह सैनी

केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हरियाणा से संबंधित सड़क परियोजनाओं की नई दिल्ली में की समीक्षा

 

रिपोर्ट : कोमल रमोला

चंडीगढ़, 17 जुलाई – हरियाणा में सड़कों के ढांचागत तंत्र के विकास को गति देने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से संबंधित अनेक सड़क परियोजनाओं का कार्य अब तेज गति से किया जाएगा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में नई दिल्ली में बीती देर शाम हरियाणा से संबंधित सड़क परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी व केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा सहित केंद्र व प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी इस बैठक में शामिल हुए।

बैठक में खेड़की दौला टोल प्लाजा को हटाने, कुरुक्षेत्र के लिए नया रिंग रोड तैयार करने तथा जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को फरीदाबाद-बल्लभगढ़ बाइपास से कनेक्टिविटी देने को लेकर मोहना से संबंधित मामले पर सार्थक चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने प्रदेश की विभिन्न मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और उन पर शीघ्र ही आगामी कार्यवाही का आश्वासन दिया।

प्रदेश में बन सकते है बर्ड पार्क और मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क

बैठक में केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि नेशनल हाईवे के समीप बर्ड पार्क बनाने की योजना की संभावनाएं तलाशी जाएं। इसके लिए चार एकड़ जमीन की आवश्यकता है। ये बर्ड पार्क बड़े स्तर पर बनाएं जाएगें और इन्हें तैयार करने की जिम्मेवारी एनएचएआई उठाएगा। केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि सड़क किनारे मल्टी मॉडल लॉजस्टिक पार्क बनाने की भी योजना है।

सड़कों के निर्माण के लिए कचरे व बिजली संयंत्रों से निकलने वाली राख का किया जा सकता है उपयोग – नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सुझाव देते हुए कहा कि सड़कों के निर्माण के लिए शहरों से निकलने वाले कचरे व बिजली संयंत्रों से निकलने वाली राख का अधिक उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग की परियोजनाओं में मिट्टी संबंधी कार्यों के लिए हरियाणा सरकार के पोर्टल पर आवेदन किया जा सकता है और मिट्टी की उपलब्धता को पूरा किया जाएगा।

इन सड़क परियोजनाओं को मिलेगी गति

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बैठक में रोहतक-जींद चार मार्गीय राजमार्ग, जींद-गोहाना चार मार्गीय राजमार्ग, दिल्ली-अमृतसर एक्सप्रेस-वे, अंबाला-कालाअंब राजमार्ग, जगाधरी-ताजेवाला राजमार्ग, जलबेहरा-शाहाबाद राजमार्ग, भिवानी-हांसी राजमार्ग, भारतमाला परियोजना के तहत बरेली-लुधियाना कॉरिडोर के छ: मार्गीय अंबाला-शामली राजमार्ग, अंबाला और करनाल शहरों के रिंग रोड, अंबाला-कोटपुतली कॉरिडोर में चार मार्गीय इस्माइलाबाद-अंबाला राजमार्ग, पिंजौर बाइपास आदि निर्माणाधीन सड़क परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा हुई। जिन परियोजनाओं का कार्य 90 फीसदी से अधिक पूरा हो चुका है उनका निर्माण अगले तीन से चार महीने में पूरा हो जाएगा।

कुरूक्षेत्र में बाईपास बनाये जाने पर हुई चर्चा, एनएचएआई तैयार करेगा रिपोर्ट

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र में बाईपास बनाया जाना समय की आवश्यकता है और बाईपास बनने से शहर में यातायात का दबाव कम होगा। अभी कुरुक्षेत्र में बाईपास न होने से स्थानीय रोड पर ट्रैफिक अधिक रहता है। केन्द्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने तत्काल एनएचएआई के अधिकारियों से इस पर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री आनंद मोहन शरण, लोक निर्माण विभाग (भवन एवं मार्ग) के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग अग्रवाल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री वी. उमाशंकर, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (शहरी विकास) श्री डी.एस.ढेसी, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री ए. श्रीनिवासन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img