
Rahul Gandhi-Priyanka Sambhal Updates :राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को गाजीपुर बॉर्डर पर रोका गया, संभल जाने की अनुमति नहीं
रिपोर्ट: रवि डालमिया
Rahul Gandhi-Priyanka Sambhal Updates : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य सांसद आज उत्तर प्रदेश के संभल के लिए निकले, लेकिन उन्हें गाजीपुर बॉर्डर पर रोक लिया गया और संभल नहीं जाने दिया गया। ये कार्रवाई सम्भल में हुई हिंसा के चलते की गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी। पिछले महीने शाही जामा मस्जिद के सर्वे से भड़की हिंसा के बाद जिला प्रशासन ने 10 दिसंबर तक बाहरी लोगों पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का काफिला गाजीपुर फ्लाईओवर पर रोक दिया गया, जिसके बाद वहां जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हुई और वे आगे बढ़ने के लिए अड़े रहे। कार्यकर्ता धरने पर भी बैठ गए, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उनकी एक नहीं सुनी। इसके बाद, उन्हें अपने कदम वापस खींचने पड़े।
राहुल गांधी ने पुलिस अधिकारियों से बातचीत की और आगे जाने के लिए 4 लोगों की अनुमति मांगी, लेकिन उन्हें अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद, उन्होंने अकेले संभल जाने की मांग रखी, जिसे भी खारिज कर दिया गया। यूपी पुलिस की ओर से इजाजत नहीं मिलने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दिल्ली लौट गए। यह कहा गया है कि वे अब 6 दिसंबर के बाद कभी भी संभल का दौरा कर सकते हैं। हालांकि, कांग्रेस की ओर से अभी तक आधिकारिक तारीख का ऐलान नहीं किया गया है।