Noida Road Accident: नोएडा सेक्टर-11 में बोलेरो मैक्स की टक्कर से पैदल जा रहे व्यक्ति की मौत
नोएडा के सेक्टर-11 में बुधवार को सड़क हादसे में 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। सेक्टर-11 के एफ ब्लॉक के पास रास्ते से पैदल जा रहे सोमपाल सिंह को महेंद्रा बोलेरो मैक्स ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल सोमपाल सिंह को तत्काल सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार, मृतक सोमपाल सिंह सेक्टर-73 स्थित सर्फाबाद गांव के रहने वाले थे। हादसे के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरवाया और पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हादसे में शामिल महेंद्रा बोलेरो मैक्स को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने वाहन के चालक को भी हिरासत में लिया है। पुलिस अब हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों की शिकायत प्राप्त कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के संबंध में वाहन चालक की भूमिका और अन्य तथ्यों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

