उत्तर प्रदेशराज्य

Noida women safety: नोएडा में महिलाओं की सुरक्षा मजबूत, पुलिस कमिश्नर ने नए पिंक बूथ का किया उद्घाटन

Noida women safety: नोएडा में महिलाओं की सुरक्षा मजबूत, पुलिस कमिश्नर ने नए पिंक बूथ का किया उद्घाटन

नोएडा। गौतम बुद्ध नगर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बुधवार को दो नए पुलिस पिंक बूथ का उद्घाटन किया। यह पहल राज्य सरकार के मिशन शक्ति-5.0 (द्वितीय चरण) के तहत की गई है। पिंक बूथ थाना बिसरख क्षेत्र के गौर सिटी-2, महागुन मायवुड्स सोसाइटी और इको विलेज-1 सोसाइटी, राइज चौक के पास स्थापित किए गए हैं। कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर में यह अब 28वां और 29वां पिंक बूथ है। ये बूथ उन क्षेत्रों में बनाए गए हैं जहाँ महिलाओं का आवागमन अधिक रहता है।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि इन पिंक बूथ का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है। हर बूथ में केवल महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी, जिससे महिलाएं अपनी परेशानियां बिना किसी हिचक के बता सकें। उन्होंने कहा कि पिंक बूथ के होने से कॉलेजों और सोसाइटियों में पढ़ने वाली छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा।

इस अवसर पर कमिश्नर ने उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को प्रेरित किया कि वे किसी भी अपराध को चुपचाप न सहें और किसी भी परिस्थिति में तुरंत पिंक बूथ पर मदद लें। उन्होंने बच्चों को भी अध्ययन सामग्री जैसे बैग, किताबें, पानी की बोतल और टिफिन वितरित किए। उद्घाटन समारोह में अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार, डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी, प्रभारी डीसीपी महिला सुरक्षा अनुकृति शर्मा, एडीसीपी आरके गौतम, एसीपी द्वितीय सेंट्रल नोएडा पवन कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मिशन शक्ति-5.0 के तहत महिला पुलिसकर्मी प्रतिदिन थाना क्षेत्रों में भ्रमण करती हैं और विभिन्न सोसाइटियों, स्कूलों, कंपनियों, मैट्रो स्टेशन, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं को आत्मसुरक्षा और साइबर सुरक्षा के बारे में जागरूक करती हैं। महिलाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर-1090, आपातकालीन सेवा-112, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर-1098, वन स्टॉप सेंटर नंबर-181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर-1076 और साइबर हेल्पलाइन नंबर-1930 की जानकारी भी दी जाती है।

ये पिंक बूथ महिलाओं की सुरक्षा को बढ़ाने, उनका आत्मविश्वास बढ़ाने और त्वरित पुलिस सहायता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। गौतम बुद्ध नगर पुलिस की यह पहल महिलाओं को सुरक्षित और सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।

Related Articles

Back to top button