Noida Violence Update: अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती, 2 सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ केस दर्ज

Noida Violence Update: अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती, 2 सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ केस दर्ज

नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर भड़के श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन के बीच अब पुलिस ने अफवाह फैलाने वालों पर कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को फेज-2, सेक्टर-60, सेक्टर-62 और सेक्टर-84 समेत कई इलाकों में हुए बवाल के बाद पुलिस ने दो सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जिन पर झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स द्वारा यह फेक खबर फैलाई जा रही थी कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस फायरिंग में 14 लोगों की मौत हो गई और 32 लोग घायल हुए हैं। इस खबर को पूरी तरह गलत बताते हुए पुलिस ने स्पष्ट किया कि पूरे घटनाक्रम में कहीं भी गोलीबारी नहीं हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए केवल न्यूनतम बल का प्रयोग किया गया था।

नोएडा पुलिस ने इलियास और अंशुल तिवारी नाम के दो सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे फैलाएं।

सोमवार को हुए इस हिंसक प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कई वाहनों में आग लगा दी और सार्वजनिक संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया। फेज-2 और सेक्टर-60 में हालात सबसे ज्यादा बिगड़े, जहां तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आईं। इस बवाल के चलते दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया और हजारों वाहन कई किलोमीटर तक फंसे रहे।

प्रदर्शन का असर नेशनल हाईवे-9, चिल्ला बॉर्डर और नोएडा लिंक रोड पर भी देखा गया, जहां लंबी-लंबी गाड़ियों की कतारें लग गईं। सुबह के व्यस्त समय में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने पूरे औद्योगिक क्षेत्र में भारी बल तैनात कर दिया है और लगातार निगरानी की जा रही है।

पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि इस प्रदर्शन को कुछ बाहरी तत्वों द्वारा भड़काने की कोशिश की गई थी, हालांकि हिंसा केवल एक स्थान तक सीमित रही जिसे जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया। प्रशासन अब उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है।

गौरतलब है कि प्रशासन ने एक दिन पहले ही श्रमिकों के हित में कई फैसले लिए थे, जिसमें वेतन, ओवरटाइम और अन्य सुविधाओं को लेकर राहत देने की घोषणा की गई थी। इसके बावजूद प्रदर्शन हिंसक हो गया, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर नई चुनौतियां सामने आ गई हैं।

फिलहाल हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की जा रही है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img