Noida vehicle theft Gang: नोएडा सेक्टर-24 पुलिस की कार्रवाई, वाहन चोरी गैंग के 4 आरोपी गिरफ्तार, 3 चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद

Noida vehicle theft Gang: नोएडा सेक्टर-24 पुलिस की कार्रवाई, वाहन चोरी गैंग के 4 आरोपी गिरफ्तार, 3 चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद
नोएडा में वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सेक्टर-24 थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रविवार रात सेक्टर-11 क्षेत्र से दोपहिया वाहन चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपी चोरी की गई बाइकों को बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। तलाशी के दौरान चारों के पास से एक-एक अवैध हथियार भी बरामद हुआ, जिससे उनकी आपराधिक गतिविधियों का खुलासा हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिव्यांशु शुक्ला (लखीमपुर खीरी), अभिषेक थापा (नेपाल), आशीष शर्मा (बुलंदशहर) और सागर (मेरठ) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी फिलहाल गौतमबुद्धनगर के अलग-अलग इलाकों में रह रहे थे और यहीं से अपनी आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बरामद की गई तीन बाइकों में से दो दिल्ली और गाजियाबाद से चोरी की गई थीं। आरोपियों से पूछताछ के दौरान उनके गिरोह और अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई नोएडा में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।





