Noida UP: यूपी दिवस पर नोएडा को तीन बड़ी सौगातें, स्काई वॉक, क्लॉक टावर और गोदावरी मार्केट बनेंगे आकर्षण का केंद्र

Noida UP: यूपी दिवस पर नोएडा को तीन बड़ी सौगातें, स्काई वॉक, क्लॉक टावर और गोदावरी मार्केट बनेंगे आकर्षण का केंद्र

नोएडा में 24 से 26 जनवरी तक तीन दिवसीय यूपी दिवस समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान शहरवासियों को तीन बड़े और खास प्रोजेक्ट्स की सौगात मिलने जा रही है, जो न सिर्फ यातायात और सुविधाओं को बेहतर बनाएंगे, बल्कि लोगों के लिए नए सेल्फी प्वाइंट भी बनेंगे। यूपी दिवस के मौके पर नोएडा को पहला स्काई वॉक, एक नया क्लॉक टावर और पूरी तरह से नवीनीकृत गोदावरी मार्केट समर्पित किया जाएगा। इन तीनों परियोजनाओं पर करीब 47 करोड़ रुपये की लागत आई है।
सेक्टर-38ए में जीआईपी मॉल के सामने बन रहा नया क्लॉक टावर यूपी दिवस पर आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक इसका निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में है। इस क्लॉक टावर की ऊंचाई करीब 70 फीट है और इसे बनाने में लगभग 1.40 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। यहां घड़ियां लगा दी गई हैं और इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह शहर की पहचान और आकर्षण का केंद्र बन सके। इससे पहले सेक्टर-128 जेपी गोलचक्कर के पास भी क्लॉक टावर का शुभारंभ किया जा चुका है।
यूपी दिवस पर नोएडा को उसका पहला स्काई वॉक भी मिलने जा रहा है, जो सेक्टर-51 और सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन को आपस में जोड़ेगा। करीब 450 मीटर लंबे और 6 मीटर चौड़े इस स्काई वॉक का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और यहां लगाए गए ट्रेवलेटर की टेस्टिंग की जा रही है। स्काई वॉक शुरू होने के बाद यात्रियों को इंटरचेंज के लिए स्टेशनों से नीचे उतरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। दिल्ली मेट्रो के सेक्टर-52 स्टेशन और नोएडा मेट्रो के सेक्टर-51 स्टेशन के बीच आवागमन अब सीधे स्काई वॉक के जरिए हो सकेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें कुल 10 ट्रेवलेटर लगाए गए हैं, जो करीब 250 मीटर हिस्से में अलग-अलग स्थानों पर लगे हैं।
इसके अलावा सेक्टर-37 स्थित करीब 40 साल पुरानी गोदावरी मार्केट का नवीनीकरण कार्य भी पूरा कर लिया गया है। यह नोएडा में ब्रह्मपुत्र मार्केट के बाद दूसरा ऐसा बाजार है जिसे पूरी तरह से रीडिजाइन किया गया है। गोदावरी मार्केट में भूतल पर 38 दुकानें और 5 कियोस्क हैं, जबकि प्रथम तल पर 5 हॉल बनाए गए हैं। रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही वाले इस बाजार को आधुनिक लुक दिया गया है। यहां फसाड लाइटिंग लगाई गई है और पूरे बाजार को नए सिरे से विकसित किया गया है, जिस पर करीब 2.34 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
नोएडा प्राधिकरण का कहना है कि यूपी दिवस पर इन तीनों परियोजनाओं का उद्घाटन शहर के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। ये प्रोजेक्ट न केवल लोगों की सुविधाएं बढ़ाएंगे, बल्कि नोएडा की सुंदरता और पहचान को भी नया आयाम देंगे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img