Noida: नोएडा में क्रिसमस और न्यू ईयर पार्टियों पर सख्ती, बिना अनुमति आयोजन पर होगी कार्रवाई

Noida: नोएडा में क्रिसमस और न्यू ईयर पार्टियों पर सख्ती, बिना अनुमति आयोजन पर होगी कार्रवाई

नोएडा में क्रिसमस और नववर्ष 2026 के जश्न को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि इन अवसरों पर होने वाली किसी भी पार्टी, कार्यक्रम या मनोरंजन आयोजन के लिए प्रशासन से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति आयोजित किसी भी कार्यक्रम पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी और आयोजकों के खिलाफ कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि होटल, पब, रेस्टोरेंट, क्लब, पार्क, मैरिज लॉन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित होने वाले सभी तरह के कार्यक्रमों के लिए ऑनलाइन अनुमति की व्यवस्था की गई है। इसके लिए आयोजकों को ‘निवेश मित्र पोर्टल’ के माध्यम से आवेदन करना होगा, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी रहे और लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

प्रशासन ने क्रिसमस और नववर्ष के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष निरीक्षण टीमें गठित की हैं। ये टीमें जिलेभर में लगातार निगरानी करेंगी। यदि कहीं भी बिना अनुमति पार्टी, डीजे, मेला, झूले या किसी भी प्रकार की मनोरंजन गतिविधि संचालित होती पाई गई, तो उसे तत्काल बंद कराया जाएगा और संबंधित आयोजकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि इस तरह के आयोजनों में आग लगने, भगदड़, बिजली से जुड़ी दुर्घटनाओं और अन्य हादसों की आशंका रहती है। इन्हीं खतरों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने नियमों को सख्ती से लागू करने का फैसला लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजकों को विद्युत सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, कानून व्यवस्था और लोक व्यवस्था से जुड़े सभी मानकों का पालन करना होगा।

इसके अलावा, आयोजकों को वातानुकूलन व्यवस्था, बिजली की फिटिंग और अन्य तकनीकी इंतजामों से संबंधित प्रमाण पत्र भी संबंधित विभागों से प्राप्त कर प्रस्तुत करने होंगे। प्रशासन ने आम नागरिकों और आयोजकों से अपील की है कि वे नियमों का पूरी तरह पालन करें और सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाएं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके और सभी लोग सुरक्षित माहौल में जश्न मना सकें।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img