Noida Society Incident: प्लास्टर गिरने से कार क्षतिग्रस्त, बड़ा हादसा टला
नोएडा के ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अजनारा होम्स सोसाइटी में बुधवार देर शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज आंधी और बारिश के दौरान बिल्डिंग से प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे खड़ी कार पर गिर गया, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना गंभीर हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय अचानक मौसम खराब हो गया और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान बिल्डिंग की बाहरी दीवार से प्लास्टर का बड़ा टुकड़ा टूटकर नीचे गिरा और सीधे पार्किंग में खड़ी कार पर आ गिरा। घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कार मालिक ने तुरंत इस मामले की शिकायत सोसाइटी की मेंटेनेंस टीम से की है। वहीं, स्थानीय निवासियों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई और बिल्डिंग की निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए। लोगों का कहना है कि सोसाइटी में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन बिल्डर और मेंटेनेंस टीम द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
निवासियों ने बताया कि जिस जगह प्लास्टर गिरा, वह सोसाइटी के अंदर आम रास्ता है, जहां से लोग नियमित रूप से गुजरते हैं। अगर उस समय वहां कोई व्यक्ति होता, तो जान का नुकसान भी हो सकता था।
गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अन्य सोसाइटियों में भी हाल के दिनों में इसी तरह की घटनाएं सामने आई हैं। 6 मार्च 2026 को आम्रपाली सेंचुरियन पार्क ट्रॉपिकल गार्डन सोसाइटी में एक फ्लैट की छत का प्लास्टर गिरा था, जबकि 10 मार्च 2026 को रॉयल नेस्ट सोसाइटी में भी इसी तरह की घटना हुई थी।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने सोसाइटी में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण गुणवत्ता की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


