Noida Snatching Case: मुठभेड़ के बाद स्नैचिंग के दो आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
नोएडा के सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में मेरठ निवासी सलमान उर्फ राजा उर्फ मामा के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया। वहीं, उसके साथी दानिश को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल थे। उनके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी, मोबाइल फोन और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
एडीसीपी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि 16 अक्टूबर की रात पुलिस टीम डीएलएफ तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे रुकने के बजाय भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। आरोप है कि सेक्टर-18 मल्टीलेवल पार्किंग के सामने झाड़ियों के पास पहुंचने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सलमान के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया और घेराबंदी कर दूसरे आरोपी दानिश को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, सलमान के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और 12,400 रुपये बरामद किए गए। वहीं, दानिश के पास से एक मोबाइल फोन और 2,000 रुपये मिले। दोनों आरोपियों के पास से अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद हुई।
पुलिस की जांच में सामने आया कि बरामद मोटरसाइकिल दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाने में दर्ज चोरी के एक मामले से संबंधित है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने स्नैचिंग की कितनी वारदातों को अंजाम दिया और चोरी की बाइक का इस्तेमाल किन घटनाओं में किया गया। सलमान मेरठ के इंचौली क्षेत्र की समसु कॉलोनी का निवासी है, जबकि दानिश परीक्षितगढ़ क्षेत्र के जिठोला नारंगपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास की जांच करने के साथ उनके नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।


