Senior Citizen Safety: बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए नोएडा में बनेगा पड़ोसियों का नेटवर्क
शहर में वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विचारमंथन फोरम ने महत्वपूर्ण पहल की है। सेक्टर-37 में आयोजित फोरम की सोशल एडवाइजरी बोर्ड बैठक में बुजुर्गों और सुपर सीनियर सिटीजन की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में ऐसे सुझाव सामने आए। जिनके माध्यम से अकेले रहने वाले बुजुर्गों की मदद, उनकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सकेगा। बैठक का मुख्य एजेंडा सीनियर सिटीजन केयर रहा। इसमें प्रत्येक सेक्टर में वरिष्ठ नागरिकों का रजिस्टर तैयार करने, अकेले रहने वाले बुजुर्गों के लिए पड़ोसियों का सहयोग सुनिश्चित करने, युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने और घरेलू सहायकों एवं ड्राइवरों के पुलिस सत्यापन जैसे महत्वपूर्ण सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता पूर्व आईएएस अधिकारी देव दत्त शर्मा ने की। उन्होंने शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी पांच प्रमुख मांगों पर चर्चा की। इनमें वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल, वाई-फाई युक्त पार्क, सार्वजनिक परिवहन, सुरक्षा और सांस्कृतिक इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल हैं।बैठक में वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल को प्राथमिकता देते हुए सुझाव दिया गया कि प्रत्येक सेक्टर में रहने वाले बुजुर्गों का व्यवस्थित रजिस्टर तैयार किया जाए। इसमें उनकी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और बीमा विवरण को शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि जरूरत पड़ने पर उनकी सहायता करने में आसानी हो। अकेले रहने वाले बुजुर्गों की मदद के लिए 10 पड़ोसी परिवारों को जोड़ने का सुझाव शहर में ऐसे कई वरिष्ठ नागरिक हो सकते हैं, जिनके बच्चे दूसरे शहरों या विदेशों में रहते हैं अथवा जो किसी कारण से अकेले जीवन बिता रहे हैं। ऐसे लोगों की जरूरत के समय मदद सुनिश्चित करने के लिए बैठक में एक विशेष मॉडल पर चर्चा हुई। इस पहल का उद्देश्य बुजुर्गों को अकेलेपन से बचाने के साथ-साथ उनके आसपास सहयोग और सुरक्षा का वातावरण तैयार करना है। हालांकि, इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए आगे इसकी कार्ययोजना और जिम्मेदारियों को स्पष्ट करना होगा। देवदत्त शर्मा ने ‘अपना घर’ और बिहार के सीतामढ़ी में सीता सखी केंद्र के निर्माण की योजना के बारे में जानकारी दी। वहीं, राजेश अरोड़ा ने जरूरतमंद लोगों के लिए 100 ऑक्सीमीटर उपलब्ध कराने की घोषणा की। सुभाष चंद्र और अरुण गोयल ने योग केंद्रों सहित विभिन्न सामाजिक पहलों में सहयोग का आश्वासन दिया। आगामी बैठक 14 अप्रैल को होगी।




