Noida Samajwadi Party FIR: धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी पर दादरी में मुकदमा दर्ज
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ दादरी कोतवाली में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में एक आपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई भारतीय जनता पार्टी के नेता वेद नागर द्वारा दादरी पुलिस को दी गई लिखित शिकायत के आधार पर अमल में लाई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दिल्ली में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान सपा प्रवक्ता ने हिंदू धर्म और देवी-देवताओं से संबंधित मान्यताओं पर आपत्तिजनक बयान दिया था।
दादरी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि भाजपा नेता वेद नागर की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352, धारा 353(2) और धारा 356 के तहत मामला पंजीकृत किया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी मान्यताओं के निषेध की प्रतिज्ञाएं दोहराई गईं, जिससे सनातन धर्म में आस्था रखने वाले लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले के सभी पहलुओं की गहन कानूनी जांच शुरू कर दी है।





पाठकों की राय