Noida road repair: नोएडा में सड़क मरम्मत में देरी पर CEO सख्त, 7 दिन में काम शुरू करने का अल्टीमेटम
नोएडा में टूटी सड़कों की मरम्मत को लेकर प्राधिकरण ने अब सख्त रुख अपना लिया है। नोएडा प्राधिकरण के CEO कृष्णा करुणेश ने साफ निर्देश दिए हैं कि एक सप्ताह के भीतर सड़क मरम्मत का काम हर हाल में शुरू होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़कों पर काम दिखाई नहीं दिया तो संबंधित टेंडर लेने वाली कंपनियों को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी। प्राधिकरण ने करीब 250 टेंडर जारी किए थे, जिनमें 150 किलोमीटर से अधिक सड़कों की मरम्मत का काम शामिल है। सभी टेंडर कंपनियों को आवंटित भी कर दिए गए हैं, लेकिन अभी तक जमीन पर काम शुरू नहीं हो सका है, जिस पर सीईओ ने कड़ी नाराजगी जताई है। अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली, गाजियाबाद और एनसीआर के अन्य शहरों में सड़क मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है, लेकिन नोएडा में बिटुमिन की कमी के कारण प्रोजेक्ट अटका हुआ है।
कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टेंशन और सप्लाई चेन बाधित होने से बिटुमिन की उपलब्धता प्रभावित हुई है, साथ ही कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। हालांकि प्राधिकरण का स्पष्ट कहना है कि जिम्मेदारी कंपनियों की है कि वे सामग्री की व्यवस्था कर काम को आगे बढ़ाएं। लक्ष्य के अनुसार, सभी सड़कों की मरम्मत अप्रैल 2026 तक पूरी करनी थी, लेकिन मौजूदा स्थिति को देखते हुए समयसीमा प्रभावित होती दिख रही है। बारिश के बाद शहर की कई प्रमुख और आंतरिक सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी हुई सड़कें वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है और कई क्षेत्रों में ट्रैफिक भी प्रभावित है। सेक्टर-1 से 11 तक कुछ हिस्सों में रिसर्फेसिंग का काम हुआ है, लेकिन अधिकांश इलाकों में अभी भी मरम्मत कार्य लंबित है। प्राधिकरण ने साफ कर दिया है कि अब देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समय में काम शुरू न होने पर कड़ी कार्रवाई तय है।


