Noida Crime: मकान पर कब्जे और धमकी के आरोप में दो के खिलाफ केस

Noida Crime: मकान पर कब्जे और धमकी के आरोप में दो के खिलाफ केस

नोएडा। सेक्टर-15ए स्थित एक मकान पर कथित तौर पर अवैध कब्जा करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में फेज-वन थाना पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

नई दिल्ली के गुलमोहर पार्क निवासी स्मृति मिश्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक निजी कंपनी में प्रतिनिधि हैं। कंपनी की सेक्टर-15ए स्थित संपत्ति में उनका और उनकी साझेदार नीति मिश्रा का हिस्सा है। शिकायत के मुताबिक, कंपनी बनने से पहले यह संपत्ति एक निजी लिमिटेड कंपनी के नाम पर थी, जिसमें चार निदेशक थे।

स्मृति मिश्रा के अनुसार वर्ष 2024 में कंपनी के एक निदेशक धर्मेंद्र मिश्रा की मृत्यु हो गई थी। उनकी वसीयत के आधार पर उनके शेयर तीन बेटियों के नाम किए गए। इसके बाद अक्तूबर-नवंबर 2024 में अमिताभ मिश्रा ने कंपनी से इस्तीफा देकर अपने शेयर दूसरी कंपनी के नाम कर दिए थे। अप्रैल 2025 में अमिताभ मिश्रा की भी मृत्यु हो गई।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि वर्तमान में सेक्टर-15ए स्थित मकान नंबर 60 पर अमिताभ मिश्रा की पत्नी शिखा मिश्रा कथित तौर पर अनधिकृत रूप से कब्जा कर रही हैं। आरोप है कि मकान में रहने वाली नीति मिश्रा के साथ शिखा मिश्रा ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके अलावा संपत्ति के कुछ हिस्से पर कब्जा करने का भी आरोप लगाया गया है।

पुलिस के अनुसार, नीति मिश्रा की ओर से 18 मार्च 2026 को भी शिखा मिश्रा और उनके पुत्र आयुष मिश्रा के खिलाफ शिकायत दी गई थी। अब स्मृति मिश्रा की शिकायत के आधार पर फेज-वन थाना पुलिस ने शिखा मिश्रा और आयुष मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों और आरोपों की जांच कर रही है।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img