Noida Passport: नोएडा में शुरू हुई मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा, घर के पास ही मिलेगी पासपोर्ट सुविधा

Noida Passport: नोएडा में शुरू हुई मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा, घर के पास ही मिलेगी पासपोर्ट सुविधा

नोएडा। पासपोर्ट से जुड़ी सेवाओं को आम नागरिकों के लिए आसान और सुलभ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए नोएडा में मोबाइल पासपोर्ट सर्विस वैन सेवा शुरू की गई है। इस सेवा का शुभारंभ सेक्टर-19 स्थित मुख्य डाकघर परिसर में किया गया। मोबाइल पासपोर्ट वैन का उद्घाटन डाक विभाग के हेड पोस्टमास्टर मनोज कुमार ने किया। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को पासपोर्ट से संबंधित सेवाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें पासपोर्ट कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
गाजियाबाद के रीजनल पासपोर्ट ऑफिसर अनुज स्वरूप ने बताया कि यह सेवा विदेश मंत्रालय के आउटरीच प्रोग्राम के तहत शुरू की गई है। इसका मकसद पासपोर्ट आवेदन और प्रोसेसिंग की प्रक्रिया को सरल बनाना और लोगों को अधिक सुविधा देना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा के लिए आवेदकों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। आवेदक सामान्य पासपोर्ट शुल्क के साथ ही इस सेवा का लाभ उठा सकेंगे।
मोबाइल पासपोर्ट वैन के जरिए पासपोर्ट आवेदन, दस्तावेजों की जांच और बायोमेट्रिक प्रक्रिया जैसी सेवाएं मौके पर ही उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे खासतौर पर बुजुर्गों, कामकाजी लोगों और उन नागरिकों को राहत मिलेगी, जिन्हें समय की कमी या दूरी के कारण पासपोर्ट कार्यालय पहुंचने में परेशानी होती है। यह वैन सप्ताह में तीन दिन संचालित की जाएगी और प्रतिदिन करीब 40 आवेदकों को सेवाएं प्रदान करेगी।
रीजनल पासपोर्ट ऑफिसर के कंसल्टेंट तेजिंदर आनंद ने बताया कि भविष्य में मोबाइल पासपोर्ट वैन के माध्यम से नोएडा के अन्य इलाकों में भी सेवाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि इस पहल से पासपोर्ट सेवाएं न केवल तेज होंगी, बल्कि लोगों का समय और संसाधन भी बचेंगे।
मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा शुरू होने से नोएडा के नागरिकों में उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का मानना है कि यह सुविधा डिजिटल इंडिया और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे सरकारी सेवाएं सीधे जनता तक पहुंच सकेंगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img