Noida: गहरे नाले में डूबे युवक की तलाश के लिए परिजनों ने नोएडा विधायक से लगाई गुहार

Noida: गहरे नाले में डूबे युवक की तलाश के लिए परिजनों ने नोएडा विधायक से लगाई गुहार

नोएडा के थाना फेस-वन क्षेत्र में एक युवक के गहरे नाले में डूबने का मामला लगातार तीसरे दिन भी अनसुलझा बना हुआ है। सेक्टर-17 स्थित जेजे कॉलोनी में रहने वाला 25 वर्षीय मोहम्मद कलीम तीन दिन पहले संदिग्ध हालात में बड़े नाले में गिर गया था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है। युवक की तलाश में पुलिस, गोताखोर और अब एनडीआरएफ की टीम जुटी हुई है। इस बीच परिजनों और कॉलोनी के लोगों ने नोएडा विधायक पंकज सिंह से मुलाकात कर युवक को जल्द से जल्द खोजने की गुहार लगाई है।

पुलिस के अनुसार, मोहम्मद कलीम पुत्र मोहम्मद हबीब चार जनवरी को नशे की हालत में सेक्टर-17 के पास से गुजर रहे बड़े नाले में कूद गया था। थाना फेस-वन के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मान ने बताया कि घटना के समय कलीम की चाची अंगूरी खातून मौके पर मौजूद थीं। उन्होंने कलीम को नाले से बाहर निकाल लिया था और उसे नहलवा रही थीं, लेकिन इसी दौरान कलीम ने अचानक उनका हाथ छुड़ाया और दोबारा भागकर नाले में कूद गया। इसके बाद से वह लापता है।

परिजनों का कहना है कि नाले में पानी गहरा होने के कारण उन्हें आशंका है कि कलीम की डूबने से मौत हो गई है। पुलिस ने पिछले दो दिनों से गोताखोरों की मदद से नाले में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आज एनडीआरएफ की टीम को भी तलाश अभियान में लगाया जाएगा ताकि सर्च ऑपरेशन को और तेज किया जा सके।

वहीं परिजनों ने घटना को लेकर गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि कलीम इकबाल नामक व्यक्ति की मोटरसाइकिल पर बैठ गया था, जिससे नाराज होकर इकबाल ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसी डर के कारण कलीम वहां से भागा और जेजे कॉलोनी के पीछे बह रहे बड़े नाले के पास छुपने की कोशिश करने लगा। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नाले में गिर गया।

युवक के लापता होने से जेजे कॉलोनी और आसपास के इलाके में माहौल गमगीन है। कॉलोनी की निगरानी समिति के नेता ब्रह्मपाल सिंह, मीडिया प्रभारी मुफ्ती मुबारक और अवधेश कुशवाहा सहित कई लोग बुधवार को नोएडा विधायक पंकज सिंह के आवास पहुंचे। उन्होंने विधायक से मामले में हस्तक्षेप कर युवक के शव को जल्द से जल्द ढूंढवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

परिजनों का कहना है कि तीन दिन बीत जाने के बावजूद कलीम का पता न चलना उनके लिए बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तलाशी अभियान में तेजी लाई जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और परिवार को इंसाफ मिल सके।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img