Noida Road Safety: ब्लैकस्पॉट खत्म करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश, सड़क सुरक्षा उपायों में तेजी लाने पर जोर

Noida Road Safety: ब्लैकस्पॉट खत्म करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश, सड़क सुरक्षा उपायों में तेजी लाने पर जोर
नोएडा। ग्रेटर नोएडा स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और ब्लैकस्पॉट समाप्त करने के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों द्वारा समय पर कार्ययोजना प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई और सभी विभागों को ब्लैकस्पॉट समाप्त करने के लिए विस्तृत एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर सड़क सुरक्षा संकेतक, रिफ्लेक्टर, स्पीड लिमिट बोर्ड, रोड मार्किंग, स्ट्रीट लाइट, क्रैश बैरियर तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं। उन्होंने ब्लैकस्पॉट पर नियमित निरीक्षण और सुधारात्मक कार्यों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, लोक निर्माण विभाग और संबंधित प्राधिकरणों को संयुक्त अभियान चलाकर तेज गति से वाहन चलाने, क्षमता से अधिक सामान ढोने, अवैध पार्किंग, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग के साथ-साथ यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण, ओएसडी नोएडा इंदु प्रकाश सिंह तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




