Noida News: आम्रपाली प्रिंसली एस्टेट में अवैध अतिक्रमण के विरोध में निकला कैंडल मार्च, कॉमन एरिया खाली कराने की उठी मांग
Noida News: आम्रपाली प्रिंसली एस्टेट में अवैध अतिक्रमण के विरोध में निकला कैंडल मार्च, कॉमन एरिया खाली कराने की उठी मांग
नोएडा। सेक्टर-76 स्थित आम्रपाली प्रिंसली एस्टेट सोसाइटी में कॉमन एरिया, स्टिल्ट पार्किंग और अन्य साझा स्थानों पर कथित अवैध अतिक्रमण के विरोध में रविवार को बड़ी संख्या में निवासियों ने शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला। प्रदर्शन में विभिन्न टावरों के निवासी शामिल हुए और साझा क्षेत्रों की सुरक्षा, पारदर्शिता तथा निर्धारित नियमों के पालन की मांग उठाई।
कैंडल मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी सोसाइटी के उस मेंटेनेंस कार्यालय के बाहर एकत्र हुए, जिसके बारे में उनका आरोप है कि उसका निर्माण सार्वजनिक एवं स्टिल्ट क्षेत्र में अतिक्रमण कर किया गया है। निवासियों ने विरोध स्वरूप कार्यालय के बाहर मोमबत्तियां जलाकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सोसाइटी के सभी कॉमन एरिया से कथित अवैध अतिक्रमण हटाया जाए और भविष्य में किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य से पहले निर्धारित नियमों तथा फ्लैट मालिकों के अधिकारों का पूरी तरह पालन किया जाए। उनका कहना था कि साझा क्षेत्रों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण सभी निवासियों के अधिकारों का उल्लंघन है।
निवासियों ने कहा कि जिस संस्था की जिम्मेदारी सोसाइटी में नियमों का पालन सुनिश्चित करना और अवैध निर्माण रोकना है, यदि वही सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण को बढ़ावा देती है तो इससे लोगों का कानून और व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की स्थिति भविष्य में गलत परंपरा को जन्म दे सकती है।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं है, बल्कि सोसाइटी के साझा क्षेत्रों की सुरक्षा, पारदर्शिता, कानून के शासन और सभी निवासियों के समान अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित कराना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
कैंडल मार्च शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में निवासियों ने लोकतांत्रिक और कानून सम्मत तरीके से अपने अधिकारों के लिए आगे भी आवाज उठाने का संकल्प दोहराया।
