Noida Murder Case: युवक की हत्या कर शव के साथ दिनभर सोता रहा आरोपी, पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

Noida Murder Case: युवक की हत्या कर शव के साथ दिनभर सोता रहा आरोपी, पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में किन्नर की वेशभूषा में रहने वाले युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्या के बाद फरार चल रहे आरोपी को मंगलवार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके से दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी वारदात कबूल करते हुए बताया कि वह हत्या के बाद पूरे दिन शव के साथ कमरे में ही सोया रहा और शाम को अंधेरा होने पर वहां से फरार हो गया था।

पुलिस के मुताबिक 24 मई को तुगलपुर गांव स्थित एक कमरे से किन्नर की वेशभूषा में रहने वाले मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी का शव बरामद हुआ था। घटना के बाद से उसके साथ रहने वाला साथी फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। मंगलवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सेक्टर-148 मेट्रो लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान अभिषेक उर्फ मोना उर्फ मानव निवासी तालिम नगर थाना हरदुआगंज जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है। ग्रेटर नोएडा के डीसीपी डॉक्टर प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब सात साल से मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी के साथ रह रहा था। उसे शक था कि चांदनी किसी अन्य व्यक्ति से बात करने लगा है और देर रात घर लौटता था। इसी शक को लेकर दोनों के बीच रविवार को विवाद हुआ था।

आरोपी के मुताबिक झगड़े के दौरान उसने मनोरंजन के बाल पकड़कर उसका सिर दीवार में दे मारा। सिर में गंभीर चोट लगने से कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना के समय आरोपी नशे में था। पुलिस का कहना है कि आरोपी नशे का आदी है और अधिकतर समय नशे की हालत में रहता था। हत्या के दिन भी वह भारी नशे में था, जिसकी वजह से वारदात के बाद भी कमरे में शव के साथ ही पड़ा रहा। शाम को जब नशा थोड़ा कम हुआ तो वह कमरे से निकलकर फरार हो गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक मनोरंजन शर्मा मूल रूप से फरीदाबाद, हरियाणा का रहने वाला था। घटना की जानकारी मिलने पर उसके परिजन ग्रेटर नोएडा पहुंचे थे। मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि करीब दस साल पहले मनोरंजन घर छोड़कर चला गया था और बाद में किन्नरों की संगत में रहने लगा। उसने अपना नाम बदलकर चांदनी रख लिया था और साड़ी पहनकर लोगों से मांगकर अपना गुजारा करता था। स्थानीय लोगों ने भी उसे कई बार बाजारों में किन्नर की वेशभूषा में घूमते देखा था।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img