LPG Gas Crisis: नोएडा में गैस सिलिंडर संकट गहराया, एजेंसियों पर लंबी कतारें

LPG Gas Crisis: नोएडा में गैस सिलिंडर संकट गहराया, एजेंसियों पर लंबी कतारें

नोएडा में एलपीजी गैस सिलिंडर की किल्लत को लेकर लोगों की परेशानियां बढ़ती नजर आ रही हैं। शहर के कई गैस एजेंसियों के बाहर सिलिंडर लेने के लिए लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। घरेलू गैस की आपूर्ति को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है, जबकि प्रशासन का कहना है कि नियमों के तहत ही सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है और शहर में पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है।

जानकारी के मुताबिक घरेलू गैस कनेक्शन के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार सिंगल कनेक्शन धारकों को 25 दिन और डबल कनेक्शन वालों को 30 दिन के अंतराल पर सिलिंडर दिया जाता है। लेकिन इन दिनों गैस एजेंसियों के बाहर अचानक भीड़ बढ़ने से स्थिति असामान्य दिखाई दे रही है। कई लोग बिना बुकिंग के भी सिलिंडर लेने एजेंसियों के बाहर पहुंच रहे हैं, जिससे अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो रही है।

गैस सिलिंडर की कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने भी सख्ती शुरू कर दी है। एडीएम वित्त अतुल कुमार को इस मामले में नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर में गैस सिलिंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए नियमित जांच अभियान चलाया जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गोयल का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं ने गैस सिलिंडर की बुकिंग कराई है, उन्हें नियमों के तहत आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। अधिकारियों के अनुसार कई लोग बिना बुकिंग के एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं, जिससे भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।

इस संकट का सबसे ज्यादा असर किराए पर रहने वाले लोगों पर पड़ रहा है। ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में ऐसे किराएदार रहते हैं जिनके पास खुद का गैस कनेक्शन नहीं है। कई मकान मालिक किराएदारों को चूल्हा या अंगीठी जलाने की अनुमति भी नहीं देते, जिसके कारण उन्हें खाना बनाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों के बाहर लगी भीड़ में ऐसे किराएदारों की संख्या अधिक बताई जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल बुकिंग के जरिए ही गैस सिलिंडर प्राप्त करें।

Himachal Pradesh: अनुकंपा नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे 202 पात्र आवेदकों को नए वर्ष का तोहफा, मुख्यमंत्री सुक्खू का बड़ा फैसला

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img