Karwa Chauth Market: करवा चौथ से पहले नोएडा के बाजारों में रौनक, महिलाओं की खरीदारी बढ़ी
चांद के दीदार का इंतजार, हाथों में खनकती चूड़ियां और पति की लंबी उम्र की कामना, यही ध्येय है करवाचौथ के व्रत का। त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में सुहाग और शृंगार का रंग चढ़ने लगा है। महिलाएं त्योहार की तैयारियों के लिए खरीदारी में जुटी हैं। कोई रंग-बिरंगी चूड़ियां पसंद कर रहा है तो कोई पूजा के लिए खूबसूरत करवा और सजी हुई थालियां खरीद रही हैं। रामपुर से लेकर जगत फार्म तक बाजारों में त्योहार की रौनक दिखाई देने लगी है। दुकानों पर सजे शृंगार के सामान और आकर्षक पूजा की थालियां महिलाओं को अपनी ओर खींच रही हैं।
जगतफार्म में दो जगह दुकान लगाने वाली पूजा ने बताया कि बाजार में करवा चौथ की पूजा के लिए सामान्य और सजावटी, दोनों तरह के करवा उपलब्ध हैं। सामान्य करवा की कीमत 40 से 50 रुपये है, जबकि सजावटी करवा 100 से 150 रुपये तक मिल रहा है। इसके अलावा रेशमी कपड़े और बारीक डिजाइन से सजी पूजा की थालियां भी महिलाओं को पसंद आ रही हैं। इनकी कीमत करीब 300 से 700 रुपये तक है। पूजा ने बताया कि अलग-अलग डिजाइन और कीमतों के विकल्प उपलब्ध होने से महिलाएं आसानी से खरीदारी कर पा रही हैं।




