Noida Karwa Chauth Celebration: नोएडा में पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया करवा चौथ
नोएडा। पति की लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य और अखंड सौभाग्य की कामना का पर्व करवा चौथ नोएडा में पारंपरिक श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने सुबह सरगी ग्रहण करने के बाद दिनभर निर्जला व्रत रखा। शाम को महिलाओं ने सोलह शृंगार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सामूहिक रूप से करवाचौथ की कथा सुनी और करवे बदलकर आपस में सुहाग की सामग्री बांटी गई।
नोएडा के विभिन्न इलाकों में करवा चौथ का यह पर्व बहुत उत्साह के साथ मनाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेक्टर-34 स्थित बी-3 अरावली अपार्टमेंट, सेक्टर 51 और सेक्टर-105 के कम्युनिटी सेंटर में करवाचौथ का पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। पारंपरिक परिधानों और आभूषणों से सजी महिलाएं सामूहिक पूजा के लिए एकत्र हुईं। इस दौरान महिलाओं ने भगवान गणेश, शिव-पार्वती और करवा माता की पूजा कर अपने सुहाग की लंबी आयु तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
नोएडा सेक्टर 51 में पारंपरिक श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ करवा चौथ का पर्व मनाया गया। अखंड सौभाग्य और पति की लंबी आयु की कामना के लिए सुहागिन महिलाओं ने भोर में सरगी ग्रहण करने के बाद पूरे दिन निर्जला उपवास रखा। पूजा के दौरान महिलाओं ने करवा चौथ की कथा सुनी, करवे बदले और एक-दूसरे को सुहाग की सामग्री भेंट की। पारंपरिक मंगल गीतों से माहौल भक्तिमय हो गया। सामूहिक आयोजन ने महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने और आपसी प्रेम, सौहार्द व भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी दिया। महिलाओं ने दिनभर अन्न और जल का त्याग कर अपने जीवनसाथी के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।





