Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को सुरक्षा मंजूरी, अगले महीने से शुरू होंगी उड़ानें

Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को सुरक्षा मंजूरी, अगले महीने से शुरू होंगी उड़ानें
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट: नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अगले महीने व्यावसायिक उड़ानों की शुरुआत होने की संभावना है। एयरपोर्ट को एयरोड्रोम सिक्योरिटी प्रोग्राम (ASP) के तहत ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) से मंजूरी मिल गई है, जिसे संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, इस मंजूरी के साथ यह सुनिश्चित हो गया है कि एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था, प्रक्रियाएं और मानक सभी नियामकीय आवश्यकताओं के अनुरूप हैं। इससे एयरपोर्ट की ऑपरेशनल तैयारी को भी मजबूती मिली है। अब एयरलाइंस कंपनियों और अन्य साझेदार एजेंसियों के साथ मिलकर उड़ानों की शुरुआत की तारीख तय की जाएगी।
शुरुआती चरण में 17 फ्लाइट्स उड़ाने का प्रस्ताव रखा गया है। मंजूरी मिलने के बाद टिकट बुकिंग प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन ने IndiGo, Akasa Air और Air India को अपनी उड़ानें शुरू करने की तैयारी करने को कहा है। ये कंपनियां जल्द ही अपने शेड्यूल जारी कर टिकट ऑनलाइन उपलब्ध कराएंगी।
एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ाने के लिए आने वाले दो वर्षों में 25 नए विमान स्टैंड बनाए जाएंगे, जिस पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वर्तमान में 28 स्टैंड तैयार हैं, जिनमें 25 व्यावसायिक और 3 कार्गो विमानों के लिए हैं। इसके अलावा 10 एयरोब्रिज भी स्थापित किए गए हैं।
एयरपोर्ट का रनवे इस तरह तैयार किया गया है कि हर घंटे लगभग 30 विमान टेकऑफ और लैंडिंग कर सकें, यानी औसतन हर 2 मिनट में एक उड़ान संभव होगी। इससे एयर ट्रैफिक संचालन में काफी सहूलियत मिलेगी।
गौरतलब है कि इस एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च को नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। पहले चरण में 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित इस परियोजना में 3900 मीटर लंबा रनवे, यात्री टर्मिनल, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और कार्गो हब शामिल हैं। फिलहाल घरेलू और कार्गो टर्मिनल तैयार हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल का निर्माण जारी है।
एयरपोर्ट प्रबंधन ने कहा कि उनकी प्राथमिकता सभी सिस्टम, प्रक्रियाओं और कर्मचारियों को पूरी तरह तैयार रखना है, ताकि संचालन की शुरुआत सुरक्षित, प्रभावी और यात्रियों के लिए सुगम हो सके। लक्ष्य है कि मई के अंत तक नियमित उड़ानें शुरू कर दी जाएं।





