Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जमीन देने वाले युवाओं की नौकरी पर फैसला 4 मई को, CEO ने दिया स्थाई रोजगार का आश्वासन

Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जमीन देने वाले युवाओं की नौकरी पर फैसला 4 मई को, CEO ने दिया स्थाई रोजगार का आश्वासन
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना से जुड़े युवाओं के रोजगार का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। जमीन देने वाले युवाओं की स्थाई नौकरी की मांग पर अब 4 मई को अहम फैसला लिया जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सीईओ आर.के. सिंह ने सोमवार को हुई बैठक के बाद यह आश्वासन दिया है।
दरअसल, एयरपोर्ट परियोजना के लिए जमीन देने वाले 14 गांवों के 335 युवाओं को स्थाई नौकरी देने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक उन्हें रोजगार नहीं मिल सका है। इसी को लेकर युवाओं में नाराजगी बनी हुई है।
नायल (Noida International Airport Limited) की ओर से रोजगार के लिए एक पोर्टल भी तैयार किया गया है, जिस पर अब तक 180 से अधिक युवा पंजीकरण करा चुके हैं। हालांकि, इन युवाओं को अभी तक कोई ऑफर लेटर जारी नहीं किया गया है, जिससे उनकी चिंता बढ़ी हुई है।
सोमवार को यीडा कार्यालय में आयोजित बैठक में सीईओ आर.के. सिंह ने युवाओं को भरोसा दिलाया कि उन्हें स्थाई नौकरी देने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अनुशासन बनाए रखने की स्थिति में नौकरी से नहीं हटाया जाएगा और ऑफर लेटर दिलाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।
सीईओ ने बताया कि 12वीं पास योग्यता के आधार पर पहले एयरपोर्ट पर उपलब्ध पदों का आकलन किया जाएगा। इसके बाद युवाओं की नियुक्ति को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में यह भी तय हुआ कि 4 मई को दोबारा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
यह मामला हजारों परिवारों से जुड़ा हुआ है, जिन्होंने अपनी जमीन देकर एयरपोर्ट परियोजना को संभव बनाया। अब सभी की नजर 4 मई की बैठक पर टिकी हुई है, जहां युवाओं के भविष्य को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।





