उत्तर प्रदेशराज्य

Noida International Airport: नोएडा एयरपोर्ट के पास बनेंगे अंतरराष्ट्रीय बिजनेस और ट्रेड सेंटर, चीन के यीवू मॉडल पर होगी तैयारी

Noida International Airport: नोएडा एयरपोर्ट के पास बनेंगे अंतरराष्ट्रीय बिजनेस और ट्रेड सेंटर, चीन के यीवू मॉडल पर होगी तैयारी

नोएडा, 15 मई : Yamuna Expressway Industrial Development Authority ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास चीन की तर्ज पर बड़े अंतरराष्ट्रीय बिजनेस और ट्रेड सेंटर विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रस्तावित परियोजना के तहत सेक्टर-7, 8 और 8ए में आधुनिक ट्रेड हब बनाए जाएंगे, जहां एक ही छत के नीचे देश और विदेश के विभिन्न उत्पाद उपलब्ध होंगे। इस परियोजना को लेकर अर्न्स्ट एंड यंग कंपनी ने अपनी स्टडी रिपोर्ट यीडा को सौंप दी है, जिसका जल्द ही उच्च अधिकारियों के सामने प्रस्तुतिकरण किया जाएगा।

यीडा के एसीईओ Shailendra Bhatia ने बताया कि यह परियोजना चीन के Yiwu शहर के प्रसिद्ध इंटरनेशनल ट्रेड मॉडल से प्रेरित है। चीन का यीवू शहर दुनिया के सबसे बड़े होलसेल मार्केट्स में गिना जाता है, जहां विभिन्न श्रेणियों के उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध होते हैं। इसी मॉडल को ध्यान में रखते हुए यमुना सिटी में भी आधुनिक अंतरराष्ट्रीय बिजनेस और ट्रेड सेंटर विकसित करने की योजना तैयार की गई है।

अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में भारत में अलग-अलग उत्पादों के लिए अलग बाजार मौजूद हैं। उदाहरण के तौर पर इलेक्ट्रॉनिक्स सामान के लिए Nehru Place, कपड़ों के लिए Chandni Chowk और फर्नीचर के लिए Saharanpur का बाजार प्रसिद्ध है। लेकिन एक ही स्थान पर सभी प्रकार के उत्पादों की सुविधा अभी देश में उपलब्ध नहीं है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए यह नई परियोजना तैयार की जा रही है।

योजना के तहत एयरपोर्ट के नजदीक स्थित सेक्टर-7, 8 और 8ए में लगभग 20-20 एकड़ क्षेत्र में इन ट्रेड सेंटरों को विकसित किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि एयरपोर्ट के पास होने के कारण यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय व्यापार और लॉजिस्टिक्स के लिए बेहद उपयुक्त माना जा रहा है।

प्राधिकरण की योजना इन केंद्रों को बेचने के बजाय किराये पर उपलब्ध कराने की है। इससे बाजार की मांग के अनुसार उत्पादों और व्यवसायों में बदलाव करना आसान होगा। यदि किसी उत्पाद की मांग कम होती है तो उसकी जगह दूसरे उत्पादों को आसानी से शामिल किया जा सकेगा।

यीडा अधिकारियों का मानना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन के बाद यह क्षेत्र देश का बड़ा व्यापारिक और लॉजिस्टिक हब बन सकता है। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र में औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

Related Articles

Back to top button