Noida Gas Cylinder Chaos: सिलिंडर न मिलने पर हंगामा, खुले सील सिलिंडर देने के आरोप

Noida Gas Cylinder Chaos: सिलिंडर न मिलने पर हंगामा, खुले सील सिलिंडर देने के आरोप

नोएडा के सर्फाबाद स्थित गैस गोदाम पर रविवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब घंटों लाइन में लगने के बावजूद लोगों को गैस सिलिंडर नहीं मिला। गुस्साए लोगों ने गोदाम के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और स्टाफ के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई। लोगों का आरोप है कि गैस वितरण में भारी अव्यवस्था है और नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है।

स्थानीय निवासियों के मुताबिक, कई लोग सुबह से ही सिलिंडर लेने के लिए कतार में खड़े थे, लेकिन दोपहर तक भी उन्हें गैस नहीं मिली। इससे नाराज होकर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना है कि कनेक्शन होने के बावजूद उनकी बुकिंग स्वीकृत नहीं की जा रही है, जबकि कुछ ऐसे लोगों को भी सिलिंडर दिया जा रहा है जिनका एजेंसी से कोई कनेक्शन नहीं है।

गढ़ी निवासी बब्बू ने बताया कि उनका सिलिंडर एक महीने पहले खत्म हो गया था। उन्होंने समय पर बुकिंग कराई, लेकिन अब तक सिलिंडर नहीं मिला। मजबूरी में उन्हें छोटे सिलिंडर में गैस भरवाकर काम चलाना पड़ रहा है, जो कि महंगा और असुरक्षित दोनों है। वहीं सेक्टर-52 निवासी विनीत कुमार ने आरोप लगाया कि गोदाम से सील तोड़कर सिलिंडर दिए जा रहे हैं। जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई तो उन्हें सिलिंडर न देने की धमकी दी गई।

लोगों का यह भी कहना है कि क्षेत्र में एलपीजी सिलिंडर की कालाबाजारी तेजी से बढ़ रही है। अवैध रूप से छोटे सिलिंडरों में गैस भरने का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है, लेकिन प्रशासन इस पर सख्त कार्रवाई नहीं कर रहा। एजेंसियों और गोदामों पर चेकिंग के नाम पर केवल औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

स्थिति से परेशान होकर कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन उनका कहना है कि 10 दिन बीत जाने के बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ। सेक्टर-52 निवासी पवन कुमार के अनुसार, ऑनलाइन बुकिंग के बाद 45 दिन का अंतराल तय होने के कारण दोबारा बुकिंग नहीं हो पा रही है, जिससे समस्या और बढ़ गई है।

इस पूरे मामले ने शहर में गैस आपूर्ति व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस अव्यवस्था पर काबू पाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img