Noida Fraud Case: कंपनी प्रबंधक लाखों की हेराफेरी कर फरार, पुलिस जांच में जुटी

Noida Fraud Case: कंपनी प्रबंधक लाखों की हेराफेरी कर फरार, पुलिस जांच में जुटी

नोएडा के सेक्टर-4 स्थित एक प्लाई कंपनी में लाखों रुपये की हेराफेरी का मामला सामने आया है। कंपनी के प्रबंधक पर ग्राहकों से पैसे लेकर उन्हें कंपनी के खाते में जमा न कर निजी खाते में डालने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद फेज-1 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी मोहित स्वामी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी सेक्टर-4 में ‘परफैक्ट प्लाई डेकोर’ नाम से कंपनी है। इस कंपनी में राजस्थान के अलवर निवासी अरविंद सिरोहीवाल पिछले करीब सात साल से प्रबंधक के पद पर कार्यरत था। हाल ही में कंपनी के खातों और स्टाफ का ऑडिट कराया गया, जिसमें वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी प्रबंधक कुछ ग्राहकों से कंपनी के नाम पर भुगतान लेकर उसे सीधे अपने निजी बैंक खाते में मंगवा रहा था। इतना ही नहीं, उसने कई ग्राहकों से नगद राशि भी ली, जिसे कंपनी के खाते में जमा नहीं किया गया।

कंपनी मालिक के अनुसार, जब इस पूरे मामले में अरविंद सिरोहीवाल से पूछताछ की गई, तो उसने अपनी गलती स्वीकार कर ली। इस कबूलनामे का वीडियो भी मौजूद होने का दावा किया गया है। हालांकि, पूछताछ के अगले ही दिन आरोपी अचानक फरार हो गया।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपी कंपनी का सिम कार्ड भी अपने साथ ले गया और करीब 2 लाख 7 हजार 850 रुपये के साथ-साथ पहले से लिया गया 1 लाख 46 हजार 500 रुपये एडवांस भी लेकर भाग गया। इसके अलावा आरोपी का मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा है।

मामले को और गंभीर बनाते हुए पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी के भाई की ओर से फोन पर धमकियां भी मिल रही हैं। इस संबंध में पुलिस को जानकारी दे दी गई है।

फेज-1 थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही पूरे मामले की गहन जांच जारी है, ताकि हेराफेरी की वास्तविक रकम और अन्य संभावित पहलुओं का पता लगाया जा सके।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img