Noida Farmer Attack Case: कोर्ट के आदेश पर FIR, भू-माफिया पर गंभीर आरोप
नोएडा। नोएडा के बिसरख क्षेत्र में किसान पर हमले के मामले में कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित किसान ने भू-माफिया पर जमीन कब्जाने और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है।
सोहखा जाहिदाबाद निवासी संजय शर्मा ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि गांव के ही सोनू यादव उर्फ सोनू पहलवान ने 12 नवंबर 2025 को उनके खेत पर पहुंचकर अवैध कब्जे की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट की।
पीड़ित का आरोप है कि जब वह जान बचाकर पुलिस चौकी की ओर भागे तो आरोपी ने कार से कुचलने का प्रयास किया। उन्होंने यह भी बताया कि पहले पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद उन्हें कोर्ट का सहारा लेना पड़ा।
किसान के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह इलाके में जमीनों पर अवैध कब्जा करने के लिए कुख्यात है।
इस मामले में बिसरख कोतवाली प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।


