Noida Electricity: विद्युत निगम को मिली पेड़ों की छंटाई की मशीन, अब नहीं रहेगी उद्यान विभाग पर निर्भरता
नोएडा। बिजली लाइनों के बीच आ रहे पेड़ों की छंटाई के लिए अब विद्युत निगम को प्राधिकरण के उद्यान विभाग पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इस काम के लिए विद्युत निगम को पावर कॉरपोरेशन से विशेष मशीन उपलब्ध करा दी गई है, जिसका इस्तेमाल भी शुरू कर दिया गया है। इससे लाइन क्लियरेंस का काम तेज होगा और बिजली आपूर्ति में आने वाली बाधाओं को समय रहते दूर किया जा सकेगा।
विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता (तकनीकी) विवेक कुमार ने बताया कि लंबे समय से पेड़ों की छंटाई के लिए अलग मशीन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस संबंध में मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया। प्रस्ताव की मंजूरी के बाद पावर कॉरपोरेशन की ओर से मशीन विद्युत निगम को उपलब्ध करा दी गई है।
उन्होंने बताया कि मशीन के संचालन के लिए कर्मचारियों की तैनाती भी कर दी गई है, ताकि किसी तरह की तकनीकी या संचालन संबंधी समस्या न आए। अब बिजली लाइनों के आसपास बढ़े पेड़ों की छंटाई समय पर की जा सकेगी, जिससे फॉल्ट और ट्रिपिंग की घटनाओं में कमी आएगी।
विद्युत निगम के अधिकारियों के अनुसार, बरसात और आंधी-तूफान के मौसम में पेड़ों की शाखाएं बिजली लाइनों से टकराने के कारण अक्सर सप्लाई बाधित हो जाती थी। नई मशीन मिलने से ऐसे क्षेत्रों में तुरंत कार्रवाई संभव होगी और उपभोक्ताओं को बेहतर व निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

