Noida Electricity Cut: बकाया बिजली बिल पर एनपीसीएल की सख्ती, न्यूटेक ला गैलेक्सिया सोसाइटी के सामान्य क्षेत्र की बिजली काटी

Noida Electricity Cut: बकाया बिजली बिल पर एनपीसीएल की सख्ती, न्यूटेक ला गैलेक्सिया सोसाइटी के सामान्य क्षेत्र की बिजली काटी
नोएडा, 13 नवम्बर — नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) ने बकाया बिजली बिल जमा न होने पर कड़ी कार्रवाई करते हुए सूरजपुर साइट-सी स्थित न्यूटेक ला गैलेक्सिया सोसाइटी के सामान्य क्षेत्र (कॉमन एरिया) की बिजली आपूर्ति गुरुवार को काट दी। सोसाइटी पर लगभग आठ लाख रुपये से अधिक का बिल पिछले चार महीनों से बकाया चल रहा था। हालांकि, फ्लैटों में रहने वाले निवासियों की व्यक्तिगत बिजली आपूर्ति को प्रभावित नहीं किया गया है।
एनपीसीएल के प्रवक्ता मनोज झा ने बताया कि विभाग ने कई बार नोटिस भेजकर सोसाइटी प्रबंधन से बकाया राशि का भुगतान करने का अनुरोध किया, लेकिन भुगतान न होने पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल सामान्य क्षेत्र जैसे—लिफ्ट, कॉरिडोर, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था में इस्तेमाल होने वाली बिजली की आपूर्ति बंद की गई है, जबकि प्रत्येक फ्लैट में मल्टी-पॉइंट कनेक्शन होने के कारण घरेलू बिजली आपूर्ति पहले की तरह जारी है। प्रवक्ता के अनुसार, “जब तक बकाया राशि जमा नहीं की जाती, सामान्य क्षेत्र की बिजली दोबारा बहाल नहीं की जाएगी।” उन्होंने यह भी बताया कि न्यूटेक ला गैलेक्सिया सोसाइटी पर बिजली बिल का भुगतान न करने के कारण पहले भी दो बार बिजली आपूर्ति रोकी जा चुकी है, लेकिन बकाया चुकाने के बाद पुनः कनेक्शन बहाल किया गया था।

एनपीसीएल की इस कार्रवाई से सोसाइटी के निवासियों में नाराजगी देखने को मिल रही है, जबकि कंपनी का कहना है कि बकाया बिल वसूली में सख्ती जरूरी है ताकि अन्य उपभोक्ताओं को गलत संदेश न जाए। उल्लेखनीय है कि इसी सप्ताह एनपीसीएल ने 40 लाख रुपये से अधिक का बकाया होने पर ग्रेटर नोएडा के सेक्टर गामा-दो स्थित उप निबंधन कार्यालय की बिजली भी काट दी थी। उस कार्यालय ने 4 नवंबर 2023 के बाद से कोई बिल जमा नहीं किया था। कंपनी अधिकारियों का कहना है कि सभी संस्थानों और सोसाइटी प्रबंधन को नियमित भुगतान के प्रति जागरूक रहना चाहिए, अन्यथा एनपीसीएल आगे भी ऐसी ही कार्रवाई करने में संकोच नहीं करेगा।

ममूटी ने कहा कि उन्हें ‘मेगास्टार’ की उपाधि पसंद नहीं है, उन्हें लगता है कि उनके जाने के बाद लोग उन्हें याद नहीं रखेंगे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img